Thursday, May 14, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

सीडीओ दिवेश शाशनी ने बाल संरक्षण व्यवस्था पर कसी लगाम, ड्रॉपआउट बच्चों और बाल विवाह रोकथाम को लेकर दिए सख्त निर्देश ईंट भट्टों पर श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा सुनिश्चित करने, बाल विवाह हॉटस्पॉट चिन्हित करने और स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश

सीडीओ दिवेश शाशनी ने बाल संरक्षण व्यवस्था पर कसी लगाम, ड्रॉपआउट बच्चों और बाल विवाह रोकथाम को लेकर दिए सख्त निर्देश
ईंट भट्टों पर श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा सुनिश्चित करने, बाल विवाह हॉटस्पॉट चिन्हित करने और स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

रुद्रपुर। जनपद में बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा और अधिकारों को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) दिवेश शाशनी की अध्यक्षता में आयोजित बाल कल्याण समिति की समीक्षा बैठक में बाल संरक्षण से जुड़े मुद्दों पर गंभीर मंथन हुआ और संबंधित विभागों को सख्त निर्देश जारी किए गए बैठक में सीडीओ दिवेश शाशनी ने स्पष्ट कहा कि किसी भी बच्चे की शिक्षा और सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा उन्होंने बाल कल्याण समिति को निर्देशित किया कि जिले के विभिन्न ईंट भट्टों का निरीक्षण कर वहां कार्यरत श्रमिक परिवारों के बच्चों की शिक्षा सुनिश्चित की जाए उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चों को शिक्षा से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा और संबंधित विभाग इस दिशा में ठोस कार्रवाई करें सीडीओ ने जिला प्रोबेशन अधिकारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी तथा सहायक श्रम आयुक्त को निर्देश दिए कि ड्रॉपआउट बालक-बालिकाओं के हॉटस्पॉट क्षेत्रों का चिन्हीकरण कर उनके पुनर्वास और दोबारा शिक्षा से जोड़ने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए उन्होंने कहा कि स्कूल छोड़ चुके बच्चों को मुख्यधारा में लाना प्रशासन की प्राथमिकता है।बैठक में बाल विवाह रोकथाम को लेकर भी गंभीर चर्चा हुई। सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाल विवाह प्रभावित क्षेत्रों की पहचान कर विशेष निगरानी रखी जाए। साथ ही गांव और विद्यालय स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने के लिए रोस्टर जारी किया जाए, ताकि समय रहते बाल विवाह की घटनाओं को रोका जा सके उन्होंने विद्यालयों में “गुड टच-बैड टच” विषय पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के भी निर्देश दिए, जिससे बच्चों को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाया जा सके जिला प्रोबेशन अधिकारी व्योमा जैन ने बैठक में जानकारी दी कि अप्रैल और मई माह में अब तक चार बाल विवाह रुकवाए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि बाल विवाह रोकथाम और बच्चों की सुरक्षा को लेकर लगातार स्कूलों और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं। बैठक में बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष डॉ. रत्नेश, सदस्य चंद्रकला राय, गौरव टागरा, उमेश सिंह, जितेंद्र कुमार तथा चाइल्ड हेल्पलाइन कॉर्डिनेटर चांदनी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button