शिक्षित युवाओं ने बनाया बाइक चोरी को धंधा एसएसपी अजय गणपति की सख्ती से 48 घंटे में खुला बड़ा वाहन चोरी गैंग, 7 दोपहिया वाहन बरामद
शिक्षित युवाओं ने बनाया बाइक चोरी को धंधा
एसएसपी अजय गणपति की सख्ती से 48 घंटे में खुला बड़ा वाहन चोरी गैंग, 7 दोपहिया वाहन बरामद
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। जनपद ऊधमसिंहनगर में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं के बीच पंतनगर पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए एक संगठित वाहन चोरी गैंग का पर्दाफाश किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मात्र 48 घंटे के भीतर दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 7 दोपहिया गाड़ियां बरामद की हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि गिरफ्तार दोनों आरोपी शिक्षित युवक हैं। एक आरोपी रेडियोलॉजी का छात्र है, जबकि दूसरा पैथोलॉजी लैब में काम करता है। आसान पैसे और जल्दी आर्थिक लाभ की चाह में दोनों ने बाइक चोरी को ही कमाई का जरिया बना लिया।
पुलिस के अनुसार कोतवाली पंतनगर में लगातार दर्ज हो रही बाइक चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने विशेष टीम गठित कर खुलासे के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए 13 मई की रात सिडकुल सिटी पार्क के बाहर से दोनों आरोपियों को दबोच लिया गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भोला सरकार पुत्र तपन सरकार निवासी ठाकुरनगर ट्रांजिट कैंप तथा विक्की विश्वास पुत्र विष्णु विश्वास निवासी खेड़ा रुद्रपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी की 6 मोटरसाइकिलें और 1 स्कूटी बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे मेट्रोपोलिस मॉल, जिला चिकित्सालय रुद्रपुर और अन्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों से बाइक चोरी करते थे। आरोपी चोरी के वाहनों को बेचने की फिराक में थे, लेकिन दस्तावेज न होने के कारण उन्हें ठिकाने नहीं लगा सके पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी भोला सरकार मेडिसिटी हॉस्पिटल से रेडियोलॉजी में ग्रेजुएशन कर रहा है, जबकि विक्की विश्वास चीमा पैथोलॉजी लैब रुद्रपुर में नौकरी करता है। दोनों युवकों के अपराध की दुनिया में उतरने से पुलिस भी हैरान है। बरामद वाहनों में होंडा एक्टिवा, होंडा शाइन, हीरो HF डीलक्स, होंडा ड्रीम नियो, हीरो डीलक्स और दो हीरो स्प्लेंडर बाइक शामिल हैं। इनमें से कुछ वाहन पंतनगर कोतवाली में दर्ज बाइक चोरी के मामलों से संबंधित हैं।
इस पूरे अभियान में उपनिरीक्षक हेमंत कठैत, उपनिरीक्षक अनिल सिंह मेहता, उपनिरीक्षक पंकज सिंह मेहर, हेड कांस्टेबल हरीश सिंह बिष्ट और कांस्टेबल नितिन कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं इस खुलासे के बाद वाहन चोर गिरोहों में हड़कंप मचा हुआ है।

