सड़क सुरक्षा को लेकर ऊधम सिंह नगर पुलिस का बड़ा जागरूकता अभियान, एसएसपी अजय गणपति ने निकाली विशाल रैली
सड़क सुरक्षा को लेकर ऊधम सिंह नगर पुलिस का बड़ा जागरूकता अभियान, एसएसपी अजय गणपति ने निकाली विशाल रैली
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। सड़क सुरक्षा अभियान के तहत मंगलवार को ऊधम सिंह नगर पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के नेतृत्व में रुद्रपुर में विशाल “सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा” यातायात जागरूकता रैली निकाली। रैली का उद्देश्य आमजन को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना रहा।
पुलिस कार्यालय रुद्रपुर से शुरू हुई इस रैली में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। एसएसपी अजय गणपति ने सभी पुलिसकर्मियों को यातायात नियमों का स्वयं पालन करने और समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने सुगम यातायात संचालन के लिए पुलिस मुख्यालय से प्राप्त नई मोटरसाइकिलों को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया।
रैली शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों—डीडी चौक, त्रिशूल चौक और नैनीताल रोड—से होकर गुजरी। जगह-जगह पुलिस कर्मियों ने लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया और नियमों के पालन का संदेश दिया त्रिशूल चौक पर आयोजित विशेष जागरूकता कार्यक्रम में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे लोगों को पुलिस अधिकारियों ने फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया और उन्हें हेलमेट पहनाकर सुरक्षित यात्रा का संदेश दिया। साथ ही भविष्य में हमेशा हेलमेट का प्रयोग करने की हिदायत दी गई।
अभियान के दौरान पुलिस ने लोगों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, ट्रिपल राइडिंग से बचने, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, शराब पीकर वाहन न चलाने तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करने के लिए जागरूक किया। इसके अलावा नाबालिगों को वाहन न देने और सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वालों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि सड़क सुरक्षा को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि यातायात नियम लोगों की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं और ऊधम सिंह नगर पुलिस का उद्देश्य हर नागरिक की यात्रा को सुरक्षित बनाना है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात, पुलिस उपाधीक्षक रुद्रपुर, निरीक्षक यातायात, सीपीयू तथा विभिन्न थानों और पुलिस कार्यालयों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।।

