अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय के नेतृत्व में “सरकार जनता के द्वार” कार्यक्रम आयोजित, ग्रामीणों की समस्याएं सुन विकास कार्यों का किया सत्यापन
अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय के नेतृत्व में “सरकार जनता के द्वार” कार्यक्रम आयोजित, ग्रामीणों की समस्याएं सुन विकास कार्यों का किया सत्यापन
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
जसपुर। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ग्राम मनोरथपुर द्वितीय में “सरकार जनता के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार को विशेष प्रशासनिक शिविर एवं रात्रि विश्राम कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने की।
कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा गांव में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं का भौतिक सत्यापन किया गया। साथ ही क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर उनकी गुणवत्ता, प्रगति एवं उपयोगिता का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर योजनाओं के लाभ, समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर गांव में जनसुनवाई शिविर भी लगाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, राशन कार्ड, पेंशन, आवास, राजस्व एवं अन्य विभागों से संबंधित समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं को समयबद्ध रूप से कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर जनता की समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक बिना किसी बाधा के पहुंचे और विकास कार्यों में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता बनाए रखी जाए।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने गांव में संचालित विकास योजनाओं, साफ-सफाई व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने प्रशासनिक अधिकारियों के गांव पहुंचकर समस्याएं सुनने और मौके पर समाधान के प्रयास की सराहना की इस अवसर पर उप जिलाधिकारी जसपुर, तहसीलदार जसपुर, खंड विकास अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, ग्राम प्रधान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।।

