ऊधम सिंह नगर

भूरारानी में अमर इंटर कॉलेज एवं अमर इंटरनेशनल स्कूल के 49वें वार्षिकोत्सव का भव्य समापन

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान

भूरारानी स्थित श्री भंजुराम अमर इंटर कॉलेज एवं अमर इंटरनेशनल School के 49वें वार्षिकोत्सव का सोमवार, 11 मई 2026 को धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण में भव्य समापन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 8 बजे से 9:30 बजे तक वेद-मंत्रोच्चारण एवं हवन-यज्ञ के साथ हुई। इसके पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं ने पूज्य गुरुदेव महाराजश्री के पावन संदेश का श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया।

समापन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, क्षेत्रवासी एवं भक्तजन उपस्थित रहे। दोपहर 1 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन स्थल पर सेवा, अनुशासन एवं श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम में समाजसेवी श्री रामलाल डोंगरा एवं श्रीमती मीना डोंगरा विशेष रूप से उपस्थित रहे। वहीं भंडारा सेवा में श्रीमती किरन अदलखा, श्री सुरेन्द्र अदलखा, श्रीमती रेखा जसवानी एवं श्री राजेश जसवानी, विद्यालय के कोषाध्यक्ष श्री गणपत राम गांधी, विद्यालय प्रबंधक श्री सुरेश गांधी, रुद्रपुर शहर के महापौर विकास शर्मा, अमर इंटरनेशनल स्कूल के प्रधानाचार्य श्री असीम दास, उप-प्रधानाचार्या श्रीमती भावना जोशी तथा भंजुराम अमर इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या श्रीमती प्रतिमा दास का विशेष सहयोग रहा। समाजसेवी भारत भूषण चुग ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए आयोजन की सफलता पर सभी का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर भंजुराम अमर इंटर कॉलेज की प्रतिभाशाली छात्रा सुशीला मेहंदीरत्ता को भी सम्मानित किया गया। उन्होंने वर्ष 2025-26 में उत्तराखंड में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया। वार्षिकोत्सव के दौरान पूज्य स्वामी जी महाराज ने छात्रा को सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद प्रदान किया।

चार दिवसीय धार्मिक महोत्सव के सफल आयोजन पर श्री स्वामी अमरदेव लोक कल्याण ट्रस्ट एवं श्री स्वामी अमरदेव कृष्णदेव मिशन द्वारा सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों एवं सेवा समितियों का आभार व्यक्त किया गया।।

error: Content is protected !!
Call Now Button