किसान हितों के प्रति सरकार गंभीर, योजनाओं में पारदर्शिता के निर्देश राज्य किसान आयोग ने विकास भवन में की कृषि एवं संबद्ध विभागों की समीक्षा बैठक
किसान हितों के प्रति सरकार गंभीर, योजनाओं में पारदर्शिता के निर्देश
राज्य किसान आयोग ने विकास भवन में की कृषि एवं संबद्ध विभागों की समीक्षा बैठक
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
जनपद के कृषकों से संबंधित विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा को लेकर गुरुवार, 07 मई 2026 को विकास भवन स्थित शहीद उधम सिंह सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राज्य किसान आयोग के उपाध्यक्ष श्री अजीत सिंह एवं उपाध्यक्ष श्री सुरेंद्र सिंह नामधारी ने की।
बैठक में राज्य किसान आयोग के सदस्य श्री करन सिंह, श्री राव वरीश, श्री संजय कुमार डार्वी एवं श्री चतुर सिंह वोरा भी उपस्थित रहे।
मुख्य कृषि अधिकारी ने कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में सभी रासायनिक उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। इस दौरान किसानों ने मांग उठाई कि धान फसल के लिए आवश्यक यूरिया की पूरी मात्रा एक बार में उपलब्ध कराई जाए। इस पर आयोग के उपाध्यक्षों ने शासन स्तर से शीघ्र निर्देश जारी कराने का आश्वासन दिया।
बैठक में उद्यान विभाग, जड़ी-बूटी विभाग, सगंध पादप विभाग, पशुपालन विभाग, मत्स्य विभाग, सहकारिता विभाग, डेयरी विभाग, लघु सिंचाई, सिंचाई विभाग, नलकूप विभाग, विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग, नाबार्ड, लीड बैंक तथा मंडी विभाग के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं एवं कार्यों की विस्तार से जानकारी प्रस्तुत की राज्य किसान आयोग के उपाध्यक्षों ने विद्युत विभाग को ट्रांसफार्मरों एवं झूलते बिजली तारों की स्थिति पर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। वहीं सिंचाई विभाग को नहरों की सफाई तथा पशुपालन विभाग को पशु शिविरों से संबंधित विवरण उपलब्ध कराने को कहा गया सभी विभागीय अधिकारियों को वर्ष 2025-26 की योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर किसान आयोग को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का संचालन पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए। आयोग ने कहा कि किसान हित सर्वोपरि हैं और किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे बैठक में यह भी बताया गया कि मुख्यमंत्री द्वारा किसानों के नलकूपों के बिजली बिल संबंधी विषय पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया गया है। अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया गया।।

