जिला जज परिसर में 18 लाख से बने सेंट्रल हॉल का लोकार्पण, विधायक शिव अरोरा ने काटा फीता
जिला जज परिसर में 18 लाख से बने सेंट्रल हॉल का लोकार्पण, विधायक शिव अरोरा ने काटा फीता
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। जिला सत्र एवं न्यायालय परिसर में 18 लाख रुपये की लागत से निर्मित सभागार (सेंट्रल हॉल) के नवीनीकरण व सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण बुधवार को विधायक शिव अरोरा ने जिला न्यायाधीश सिकंद कुमार त्यागी के साथ फीता काटकर किया कार्यक्रम का शुभारंभ सेंट्रल हॉल में दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें अधिवक्ताओं और जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों की उपस्थिति रही।
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे विधायक शिव अरोरा ने कहा कि अधिवक्ता समाज की महत्वपूर्ण कड़ी हैं, जो लोगों को न्याय दिलाने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि उनका अधिवक्ता वर्ग से पुराना जुड़ाव रहा है और विधायक बनने के बाद से ही बार एसोसिएशन के सुझावों पर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व में 25 लाख रुपये की लागत से टीन शेड का निर्माण कराया गया था और शेष कार्यों को भी जल्द पूरा किया जाएगा। विधायक ने कहा कि उनके चुनावी संकल्पों में से करीब 75 प्रतिशत कार्य पूरे हो चुके हैं और शेष कार्य वर्ष 2026 के अंत तक पूर्ण कर लिए जाएंगे।
विधायक ने सेंट्रल हॉल के निर्माण को अधिवक्ताओं के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि अब एक ही स्थान पर बैठक, चर्चा और विभिन्न कार्यक्रम व्यवस्थित रूप से आयोजित हो सकेंगे। उन्होंने इस कार्य के लिए बार एसोसिएशन पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं को बधाई दी इस अवसर पर जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष संजीव फोगाट, सचिव जसवंत सिंह, उपाध्यक्ष इंद्रजीत बिट्टा, कलेक्ट्रेट उपाध्यक्ष लोकेन्द्र सिंह, कोषाध्यक्ष कुलवीर ढिल्लों, उपसचिव मनोज कुमार, लेखा परीक्षक गिरिराज कुमार, पुस्तकालय अध्यक्ष गिरीश कुमार सहित अनेक अधिवक्ता मौजूद रहे।।

