Saturday, August 8, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

जिलाधिकारी मनीष कुमार की मौजूदगी में कलश यात्रा और वैदिक मंत्रोच्चार से गूंजा चम्पावत, भव्य अंदाज में शुरू हुआ गोल्ज्यू महोत्सव-2026

जिलाधिकारी मनीष कुमार की मौजूदगी में कलश यात्रा और वैदिक मंत्रोच्चार से गूंजा चम्पावत, भव्य अंदाज में शुरू हुआ गोल्ज्यू महोत्सव-2026

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

चम्पावत में आस्था, परंपरा और संस्कृति का अद्भुत संगम उस समय देखने को मिला जब ‘गोल्ज्यू महोत्सव-2026’ का शुभारम्भ सोमवार को पूरे धार्मिक उत्साह और भव्यता के साथ किया गया। महोत्सव के पहले ही दिन पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया।

गौरलचौड़ मैदान स्थित नगर पालिका कार्यालय से श्री गोल्ज्यू मंदिर तक निकाली गई भव्य कलश यात्रा इस आयोजन का मुख्य आकर्षण रही। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं की सुसज्जित टोली ने सिर पर कलश धारण कर श्रद्धा की मिसाल पेश की। यात्रा के दौरान कुमाऊं का प्रसिद्ध छोलिया नृत्य जब ढोल-नगाड़ों की थाप पर प्रस्तुत हुआ, तो पूरा वातावरण उत्सवमय हो उठा और दर्शक भाव-विभोर हो गए।मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ महोत्सव का शुभारम्भ किया गया। इस मौके पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भगवान गोल्ज्यू महाराज से राज्य की समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना करते हुए आयोजन के सफल संचालन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने भी मंदिर पहुंचकर पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की और जनपद की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। उन्होंने महोत्सव के सफल संचालन में जुटी सभी व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए संबंधित विभागों को बेहतर समन्वय बनाए रखने और व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी ने जानकारी दी कि वर्तमान मौसम की स्थिति को देखते हुए महोत्सव के कार्यक्रमों और समयावधि में आवश्यकतानुसार परिवर्तन किया जा सकता है, ताकि श्रद्धालुओं और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया गोल्ज्यू महोत्सव-2026 की यह शुरुआत न केवल आस्था का प्रतीक बनी, बल्कि कुमाऊं की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी जीवंत करती नजर आई।।

error: Content is protected !!
Call Now Button