रूद्रपुर: ममता पंत ने दी जानकारी—9 मई को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, विभिन्न मामलों का होगा निस्तारण
रूद्रपुर: ममता पंत ने दी जानकारी—9 मई को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, विभिन्न मामलों का होगा निस्तारण
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रूद्रपुर। मा० उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के क्रम में 09 मई 2026 (द्वितीय शनिवार) को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ममता पंत ने बताया कि उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊधम सिंह नगर द्वारा जनपद में प्रातः 10 बजे से सायं 05 बजे तक रूद्रपुर स्थित जिला न्यायालय सहित बाह्य न्यायालयों—काशीपुर, खटीमा, बाजपुर, जसपुर, सितारगंज एवं किच्छा में राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि लोक अदालत में प्री-लिटीगेशन वादों सहित भरण-पोषण, धन वसूली, श्रम विवाद, विद्युत एवं जलकर बिल, धारा 138 एनआई एक्ट, शमनीय आपराधिक एवं सिविल मामलों का निस्तारण किया जाएगा। इसके अलावा न्यायालयों में लंबित शमनीय आपराधिक वाद, मोटर दुर्घटना प्रतिकर वाद, श्रम विवाद, वैवाहिक मामले (तलाक को छोड़कर), भूमि अधिग्रहण, सेवा संबंधी भुगतान व भत्ते, राजस्व वाद, मोटर वाहन अधिनियम के चालान तथा किरायेदारी, सुखाधिकार व व्यादेश से जुड़े सिविल मामलों का भी समाधान किया जाएगा।
ममता पंत ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति अपने मामलों का निस्तारण राष्ट्रीय लोक अदालत में कराना चाहते हैं, वे संबंधित न्यायालय में किसी भी कार्य दिवस पर स्वयं या अपने अधिवक्ता के माध्यम से प्रार्थना पत्र देकर अपने वाद नियत करवा सकते हैं। इसके अतिरिक्त जिला न्यायालय परिसर स्थित एडीआर केंद्र, रूद्रपुर में भी आवेदन प्रस्तुत किया जा सकता है।
अधिक जानकारी के लिए नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100, एडीआर केंद्र रूद्रपुर हेल्पडेस्क नंबर 9411531449, फोन नंबर 05944-250682 या ईमेल dlsausnagar@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है। सचिव ने यह भी बताया कि मा० सुप्रीम कोर्ट द्वारा 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को “समाधान समारोह” (स्पेशल कोर्ट) का आयोजन किया जाएगा। जिन व्यक्तियों के मामले सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन हैं, वे 31 मई 2026 तक गूगल फॉर्म के माध्यम से आवेदन कर अपने मामलों का निस्तारण करवा सकते हैं।।

