ऊधम सिंह नगर

किच्छा में स्वास्थ्य विभाग का बड़ा एक्शन: औचक निरीक्षण में 2 क्लिनिक सील, 4 को नोटिस

किच्छा में स्वास्थ्य विभाग का बड़ा एक्शन: औचक निरीक्षण में 2 क्लिनिक सील, 4 को नोटिस

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

किच्छा। जनस्वास्थ्य सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्वास्थ्य विभाग ने किच्छा क्षेत्र में सख्त कार्रवाई की है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल के निर्देश पर गठित टीम ने मंगलवार को क्षेत्र के विभिन्न अस्पतालों और क्लिनिक्स का औचक निरीक्षण किया इस दौरान कई स्वास्थ्य प्रतिष्ठानों में गंभीर अनियमितताएं और नियमों की अनदेखी सामने आई, जिसके बाद विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो क्लिनिकों को बंद करा दिया, जबकि चार को नोटिस जारी किए गए हैं।निरीक्षण के दौरान गुड लाइफ हॉस्पिटल, डॉ. रंजीत सिंह क्लिनिक, डॉ. हरीश क्लिनिक और काव्या क्लिनिक में व्यवस्थागत खामियां पाई गईं। यहां आवश्यक अभिलेखों का पूर्ण रखरखाव नहीं पाया गया, साथ ही कुछ स्थानों पर स्वास्थ्य मानकों का भी सही ढंग से पालन नहीं हो रहा था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इन सभी संस्थानों को नोटिस जारी करते हुए निर्धारित समयावधि के भीतर जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने और व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश दिए हैं।

वहीं, धर्मवीर क्लिनिक और बैरागी क्लिनिक निरीक्षण के दौरान कोई भी वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। बिना पंजीकरण और आवश्यक अनुमति के संचालन को गंभीर लापरवाही मानते हुए विभाग ने जनहित को ध्यान में रखते हुए दोनों क्लिनिकों को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना लाइसेंस संचालित होने वाले किसी भी स्वास्थ्य प्रतिष्ठान को बख्शा नहीं जाएगा।निरीक्षण अभियान में चिकित्सा अधीक्षक किच्छा डॉ. राहुल गौड़, डॉ. कनक सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। टीम ने मौके पर मरीजों से भी बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की जानकारी ली और संबंधित संचालकों को नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल ने कहा कि जनस्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अवैध रूप से संचालित क्लिनिक्स और अस्पतालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा। साथ ही सभी स्वास्थ्य संस्थानों को चेतावनी दी गई है कि वे निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करें, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार रहें।।

error: Content is protected !!
Call Now Button