ऊधम सिंह नगर

डीएम नितिन सिंह भदौरिया व सीएमओ डॉ. केके अग्रवाल ने कृमि मुक्ति दिवस तैयारियों की समीक्षा

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

रूद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने आगामी 7 मई को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला सभागार में समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी सरकारी, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों सहित अन्य शैक्षणिक संस्थानों में शत-प्रतिशत बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई जाए, ताकि कोई भी बच्चा इस अभियान से वंचित न रहे।जिलाधिकारी ने विशेष रूप से स्कूल न जाने वाले बच्चों, श्रमिकों के बच्चों एवं घुमंतू परिवारों के बच्चों तक भी दवा पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से दवा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही 7 मई को दवा से वंचित रह जाने वाले बच्चों को 14 मई को आयोजित मॉप-अप दिवस पर दवा खिलाने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर समय से दवा की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही शिक्षकों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दवा खिलाने की सही प्रक्रिया की पूरी जानकारी दी जाए। जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग और संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम में अधिक से अधिक बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. केके अग्रवाल ने जानकारी दी कि जनपद में 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 6,03,960 बच्चों को दवा खिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 2346 विद्यालयों और 2388 आंगनबाड़ी केंद्रों पर अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 1 से 2 वर्ष के बच्चों को आधी गोली चम्मच में घोलकर, 2 से 3 वर्ष तक के बच्चों को पूरी गोली घोलकर और 3 से 19 वर्ष के बच्चों को पूरी गोली चबाकर खिलाई जाएगी।

सीएमओ ने बताया कि आंतों में कृमि संक्रमण से बच्चों में कुपोषण, खून की कमी और कार्यक्षमता में कमी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। गंभीर मामलों में बच्चे अक्सर बीमार और थकान से ग्रसित रहते हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे 7 मई को अपने बच्चों को स्कूल या आंगनबाड़ी केंद्र अवश्य भेजें, ताकि उन्हें कृमि नाशक दवा दी जा सके।।

error: Content is protected !!
Call Now Button