Thursday, April 23, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

लंबित वादों के त्वरित निस्तारण और राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश डीएम नितिन सिंह भदौरिया की मासिक बैठक, कानून व्यवस्था व जनशिकायतों पर सख्ती

लंबित वादों के त्वरित निस्तारण और राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश

डीएम नितिन सिंह भदौरिया की मासिक बैठक, कानून व्यवस्था व जनशिकायतों पर सख्ती

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान

रुद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने गुरुवार को जिला सभागार में आयोजित मासिक स्टाफ बैठक में अधिकारियों को लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण और राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने उप जिलाधिकारियों व तहसीलदारों को नियमित कोर्ट लगाकर पुराने वादों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने को कहा। साथ ही बड़े बकायेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए शीर्ष 10 बकायेदारों की सूची सार्वजनिक करने के निर्देश दिए।

कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने जनपद में शांति व्यवस्था और मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को क्षेत्रीय गतिविधियों पर सतर्क नजर रखने और न्यायालयों में अभियोजन पक्ष की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि विवेचना में कमियों की चेकलिस्ट तैयार कर विशेष रूप से पॉक्सो मामलों में सुधार किया जाए।डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पुलिस व अभियोजन विभाग के समन्वय में कोई कमी न रहे, जिससे कोई भी अपराधी कानून की पकड़ से बच न सके। उन्होंने मजिस्ट्रियल जांच समयबद्ध तरीके से पूरी करने और अधिकारियों के बीच व्हाट्सएप समूह के माध्यम से समन्वय बनाकर समस्याओं का त्वरित समाधान करने को कहा राजस्व वसूली की समीक्षा में उन्होंने शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। वहीं आबकारी विभाग को कच्ची शराब और अवैध मदिरा पर रोक लगाने के लिए नियमित छापेमारी करने को कहा। नदियों में संभावित बाढ़ से बचाव के लिए रिवर ड्रेजिंग और चैनलाइजेशन कार्य वर्षा ऋतु से पहले पूर्ण कराने के भी निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन, जन समर्पण पोर्टल, आयोग व न्यायालय से संबंधित मामलों, ऑडिट आपत्तियों और पेंशन प्रकरणों की समयसीमा के भीतर रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने शिकायतों के निस्तारण में गंभीरता बरतने और शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद करने के निर्देश भी दिए इसके अलावा एआरटीओ को ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। बैठक में आगामी 25 अप्रैल से 24 मई तक चलने वाले जनगणना अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को डेटा की शुद्धता बनाए रखने और प्रतिदिन पोर्टल पर अपलोड सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्र, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, ऋचा सिंह, तुषार सैनी, गौरव पाण्डेय, राहुल शाह, सीओ प्रशांत कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button