गांव-केंद्रित विकास को रफ्तार: डीएम मनीष कुमार की मौजूदगी में चम्पावत की ₹76.91 करोड़ जिला योजना मंजूर सबहेडिंग: कृषि, रोजगार और आजीविका पर खास फोकस, 12% बढ़ा बजट
गांव-केंद्रित विकास को रफ्तार: डीएम मनीष कुमार की मौजूदगी में चम्पावत की ₹76.91 करोड़ जिला योजना मंजूर
सबहेडिंग: कृषि, रोजगार और आजीविका पर खास फोकस, 12% बढ़ा बजट
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
चम्पावत। जनपद में समग्र और गांव-केंद्रित विकास को नई दिशा देते हुए वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए ₹76.91 करोड़ की जिला योजना को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई है। प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित जिला योजना समिति की बैठक में विकास योजनाओं को निर्णायक गति देने पर जोर दिया गया बैठक से पहले प्रभारी मंत्री ने कलेक्ट्रेट परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, उद्यान, पशुपालन, उद्योग, कृषि और बाल विकास विभाग की योजनाओं के साथ पोषण पखवाड़ा से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी ली।
जिला सभागार में आयोजित बैठक में 36 विभागों के प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस वर्ष का बजट पिछले साल के ₹68.57 करोड़ की तुलना में करीब 12 प्रतिशत बढ़ाकर ₹76.91 करोड़ किया गया है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कृषि, उद्यान, सिंचाई, लोक निर्माण समेत विभिन्न विभागों के कार्यों और प्रस्तावों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया।
प्रभारी मंत्री ने जैविक खेती को बढ़ावा देने, सर्टिफिकेशन प्रक्रिया में तेजी लाने और स्थानीय उत्पादों को “हाउस ऑफ हिमालय” ब्रांड के तहत विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लिंगड़ा और बुरांश जैसे स्थानीय उत्पादों की पहचान कर उनके उत्पादन और विपणन को बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।
महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से सिलाई, हस्तशिल्प और लघु उद्योगों को प्रोत्साहन देते हुए स्वरोजगार सृजन पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई। साथ ही पशुपालन को मजबूत आजीविका स्रोत बताते हुए आधुनिक तकनीकों के अधिक उपयोग पर बल दिया गया जिला योजना में कृषि क्षेत्र के तहत जंगली जानवरों से फसल सुरक्षा के लिए तारबाड़ की व्यवस्था, उद्यान विभाग के माध्यम से कीवी उत्पादन को बढ़ावा और भेषज विभाग के जरिए तेजपत्ता, दालचीनी व बड़ी इलायची के विपणन केंद्र स्थापित करने का प्रावधान किया गया है।
बजट आवंटन की मुख्य बातें:
₹56.05 करोड़ सामान्य मद
₹20.42 करोड़ एससीएसपी
₹44.30 लाख टीएसपी
विभागवार आवंटन:
युवा कल्याण को ₹8 करोड़, लोक निर्माण विभाग को ₹7.98 करोड़, कृषि विभाग को ₹7 करोड़, उद्यान विभाग को ₹4.77 करोड़, जल संस्थान को ₹4.55 करोड़ और पर्यटन विभाग को ₹3.40 करोड़ आवंटित किए गए हैं। इस बार योजना में पारंपरिक निर्माण कार्यों की अपेक्षा आजीविका संवर्धन पर अधिक जोर दिया गया है। कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन और सहकारिता क्षेत्रों में निवेश बढ़ाकर रोजगार और आय वृद्धि के अवसर सृजित करने का लक्ष्य रखा गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि योजना जनप्रतिनिधियों के सुझावों और जनहित को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए बैठक में विधायक खुशाल सिंह अधिकारी, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।₹76.91 करोड़ की यह जिला योजना चम्पावत में रोजगार सृजन, कृषि विकास और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और प्रभावी कदम मानी जा रही है।।

