Thursday, April 23, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

जसपुर में अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर छापा, 3 को नोटिस

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान

ऊधम सिंह नगर। जनपद में अवैध गतिविधियों पर रोक और लिंग अनुपात सुधार की दिशा में स्वास्थ्य विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल के निर्देश पर गुरुवार को जसपुर क्षेत्र में संचालित 8 अल्ट्रासाउंड केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें 3 केंद्रों पर कमियां मिलने पर नोटिस जारी किए गए।

निरीक्षण टीम में मेडिकल सुपरिंटेंडेंट जसपुर डॉ. धीरेन्द्र मोहन गहलोत और पीसीपीएनडीटी कोऑर्डिनेटर प्रदीप मेहर शामिल रहे। टीम ने सबसे पहले सीएचसी जसपुर स्थित अल्ट्रासाउंड केंद्र का निरीक्षण किया, जहां रेडियोलॉजिस्ट द्वारा सप्ताह में केवल एक दिन सेवा दिए जाने की जानकारी सामने आई।

इसके बाद टीम ने गर्ग अल्ट्रासाउंड सेंटर, उर्मिला नर्सिंग होम, अरिहंत हॉस्पिटल, गहलोत नर्सिंग होम, किलकारी हॉस्पिटल और परी हॉस्पिटल समेत अन्य केंद्रों का निरीक्षण किया। साथ ही एक नए अल्ट्रासाउंड केंद्र के पंजीकरण आवेदन की भी भौतिक जांच की गई, जो मानकों के अनुरूप पाया गया।

निरीक्षण के दौरान 5 केंद्रों पर पीसीपीएनडीटी एक्ट 1994 के प्रावधानों, फॉर्म-एफ अभिलेखों, उपकरणों और स्टाफ की स्थिति संतोषजनक पाई गई। वहीं 3 केंद्रों में अभिलेखों में कमी और रजिस्टर अपडेट न होने के चलते सुधारात्मक नोटिस जारी किए गए हैं। संबंधित केंद्रों को 7 कार्य दिवस के भीतर कमियां दूर कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।

सीएमओ ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध लिंग जांच पर रोक के लिए ऐसे निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे। साथ ही जसपुर क्षेत्र में सीमा पार होने वाली गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई जाएगी और जल्द ही सीमावर्ती जिलों के साथ संयुक्त अभियान चलाया जाएगा।।

error: Content is protected !!
Call Now Button