ऊधम सिंह नगर

बिलासपुर विधानसभा की कमान प्रमोद गंगवार को, सपा ने मिशन 2027 के तहत सौंपी अहम जिम्मेदारी

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान

मिलक/रामपुर। समाजवादी पार्टी ने आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए अपने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में तेज़ी से कदम बढ़ाने शुरू कर दिए हैं। इसी रणनीति के तहत पार्टी ने 36-बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए नए विधानसभा अध्यक्ष की नियुक्ति कर दी है। इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए पार्टी ने अनुभवी और जमीनी कार्यकर्ता प्रमोद गंगवार पर भरोसा जताया है।
सपा जिलाध्यक्ष अजय कुमार सागर ने औपचारिक घोषणा करते हुए बताया कि प्रमोद गंगवार को बिलासपुर विधानसभा का अध्यक्ष बनाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रमोद गंगवार लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं और उनकी पकड़ बूथ स्तर तक मजबूत मानी जाती है। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और कार्यशैली को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है।जिलाध्यक्ष ने आगे बताया कि समाजवादी पार्टी इस समय मिशन 2027 के तहत पूरे प्रदेश में संगठन को नए सिरे से खड़ा करने में जुटी है। इसी क्रम में पहले तहसील स्तर पर संगठनात्मक ढांचा मजबूत किया गया और अब विधानसभा स्तर पर सक्रिय और भरोसेमंद कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रमोद गंगवार के नेतृत्व में बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी और अधिक सशक्त होगी।
सपा ने रामपुर जिले की सभी पांच विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए पार्टी जमीनी स्तर पर रणनीति तैयार कर रही है और हर वर्ग तक अपनी पहुंच बनाने का प्रयास कर रही है। संगठन विस्तार के साथ-साथ बूथ स्तर तक मजबूती देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

नवनियुक्त विधानसभा अध्यक्ष प्रमोद गंगवार को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे पार्टी के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाएं। इसके साथ ही बूथ, सेक्टर और जोन स्तर पर कमेटियों का गठन कर संगठन को मजबूत और एकजुट बनाने का कार्य प्राथमिकता से करें पार्टी नेतृत्व ने यह भी अपेक्षा जताई है कि सभी नए पदाधिकारी जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएं और सरकार की नीतियों के खिलाफ लोगों को जागरूक करें। साथ ही, आम जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनें और उनके समाधान के लिए संघर्ष करें।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र में कुर्मी समाज की लगभग 60 हजार की प्रभावशाली हिस्सेदारी मानी जाती है, और इस समाज में प्रमोद गंगवार की मजबूत पकड़ उन्हें एक प्रमुख जनप्रतिनिधि के रूप में स्थापित करती है। ऐसे में यह भी माना जा रहा है कि यदि समाजवादी पार्टी आगामी 2027 के चुनाव में प्रमोद गंगवार को विधानसभा प्रत्याशी घोषित करती है, तो बिलासपुर सीट पर पार्टी की स्थिति काफी मजबूत हो सकती है।

प्रमोद गंगवार की नियुक्ति को सपा की एक रणनीतिक चाल के रूप में देखा जा रहा है, जो न केवल संगठन को मजबूती देगी बल्कि आने वाले चुनावों में पार्टी की जीत की संभावनाओं को भी बढ़ाने में अहम भूमिका निभा सकती है।

error: Content is protected !!
Call Now Button