संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए दूरस्थ क्षेत्र में लगा विशेष चिकित्सा शिविर
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
उधम सिंह नगर। संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग उत्तराखंड के संयुक्त तत्वावधान में जनपद उधम सिंह नगर के दूरस्थ क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गदरपुर के अंतर्गत उपकेंद्र खेमपुर के दूरस्थ क्षेत्र पड़किया में एक विशेष चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में गर्भवती महिलाओं एवं उनके तीमारदारों को संस्थागत प्रसव के प्रति जागरूक किया गया तथा स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
शिविर के दौरान महिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. रेखा द्वारा गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई, जबकि एएनएम श्रीमती शशि ने गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों का टीकाकरण किया। इसके अतिरिक्त डॉ. मोहम्मद इदरीश (सीएचओ), फार्मासिस्ट श्री के. एन. जोशी एवं राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम द्वारा ग्रामीणों के लिए निशुल्क चिकित्सा सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में आशा फेसिलिटेटर श्रीमती अंजू, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं आशा बहनों का विशेष योगदान रहा। उन्होंने घर-घर जाकर ग्रामीणों को शिविर स्थल तक लाने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई स्वास्थ्य विभाग के इस प्रयास से दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाली महिलाओं को संस्थागत प्रसव के प्रति जागरूकता मिलने के साथ-साथ उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ भी मिल रहा है।

