कोतवाली बाजपुर का वार्षिक निरीक्षण, एसएसपी अजय गणपति ने परखी व्यवस्थाएं
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
बाजपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने सोमवार को कोतवाली बाजपुर का वार्षिक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्थाओं का व्यापक आकलन किया। इस दौरान उन्होंने जनता दरबार में आमजन की समस्याएं सुनीं और पुलिस-जन संवाद को मजबूत बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत गार्ड ऑफ ऑनर से हुई, जिसके बाद एसएसपी ने कोतवाली परिसर का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने सीसीटीएनएस कार्यालय, मालखाना, हवालात, महिला हेल्प डेस्क, बैरक व भोजनालय सहित सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने लंबित विवेचनाओं, शिकायतों और वारंटों की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही मुकदमाती संपत्ति और वाहनों के जल्द निपटारे पर भी जोर दिया जवानों की शस्त्र हैंडलिंग और दंगा नियंत्रण ड्रिल का परीक्षण किया गया। आपदा प्रबंधन उपकरणों की भी जांच कर उन्हें हमेशा कार्यशील रखने के निर्देश दिए गए क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए गश्त, पिकेट और चीता ड्यूटी को और अधिक प्रभावी बनाने तथा बीट प्रणाली को मजबूत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
निरीक्षण के बाद आयोजित जनता दरबार में एसएसपी ने आमजन की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए कर्मचारी सम्मेलन के दौरान पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सभी कर्मियों को अनुशासन, समयपालन और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया उत्कृष्ट वर्दी टर्नआउट और मालखाना रखरखाव के लिए दो पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया गया।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य आमजन में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण स्थापित करना है। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुनकर उसका निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। अपराधों की रोकथाम, अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और बीट पुलिसिंग को मजबूत करना प्राथमिकता होनी चाहिए।।

