Thursday, July 30, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ उत्तराखंड का गठन, प्रदीप फुटेला अध्यक्ष; संगठन विस्तार का ऐलान

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान

रुद्रपुर। प्रदेश में पत्रकारों के हितों और अधिकारों को संगठित रूप देने के उद्देश्य से “राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ, उत्तराखंड” इकाई का विधिवत गठन किया गया। इस अवसर पर आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का चयन किया गया, जिसमें वरिष्ठ पत्रकार प्रदीप फुटेला को प्रदेश अध्यक्ष चुना गया।

महासंघ की कार्यकारिणी में रमेश चंद्रा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, सुरेंद्र खुराना को उपाध्यक्ष, विनोद कुमार को कुमाऊं मंडल का महामंत्री, नारायण परगाई को गढ़वाल मंडल का महामंत्री तथा निशांत सिंघल को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का उपस्थित पत्रकारों ने स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।बैठक के दौरान पत्रकारों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर गंभीर चर्चा की गई। महासंघ ने राज्य सरकार से मांग की कि प्रदेश में पत्रकार सुरक्षा कानून को शीघ्र लागू किया जाए, ताकि पत्रकारों को सुरक्षित और निर्भीक वातावरण में कार्य करने का अधिकार मिल सके। इसके साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर पत्रकारों के हित में पेंशन राशि बढ़ाने की मांग भी उठाई गई।

महासंघ ने पत्रकारों के लिए आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भी रखा। साथ ही पत्रकारों के कार्य को सुगम बनाने के लिए लैपटॉप, कंप्यूटर, मोबाइल और बाइक खरीदने हेतु बिना ब्याज ऋण उपलब्ध कराने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।

बैठक में यह मुद्दा भी सामने आया कि जिन पत्रकारों की मान्यता किसी कारणवश निरस्त कर दी गई है, उनकी पुनः बहाली की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया जाए। महासंघ ने सरकार से इस दिशा में सकारात्मक पहल करने की अपील की।

नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप फुटेला ने अपने संबोधन में कहा कि महासंघ पत्रकारों की आवाज को मजबूती से उठाएगा और उनके अधिकारों के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगा। उन्होंने सभी सदस्यों से एकजुट होकर संगठन को सशक्त बनाने का आह्वान किया। साथ ही बताया कि शीघ्र ही संगठन का विस्तार किया जाएगा और कुमाऊं तथा गढ़वाल मंडल में जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की जाएगी।

उन्होंने विश्वास दिलाया कि राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ, उत्तराखंड पत्रकारों की समस्याओं के समाधान और उनके सम्मान की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।।

error: Content is protected !!
Call Now Button