रुद्रपुर: खुरपका-मुंहपका रोग नियंत्रण को 45 दिवसीय टीकाकरण अभियान शुरू, डीएम ने वाहन को दिखाई हरी झंडी
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कलेक्ट्रेट परिसर से पशु रोग निदान एवं टीकाकरण प्रचार-प्रसार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि जनपद में खुरपका-मुंहपका (FMD) रोग के नियंत्रण के लिए 45 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत सभी विकासखंडों में पशु चिकित्सकों द्वारा व्यापक स्तर पर टीकाकरण किया जाएगा।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशुतोष जोशी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान के अंतर्गत 22 राजकीय पशु चिकित्सालयों के माध्यम से 122 एफएमडी वैक्सीनेशन टीमें गठित की गई हैं। इन टीमों द्वारा करीब 2 लाख 20 हजार मवेशियों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए चयनित ग्रामों में टीकाकरण से पहले और 28 से 30 दिन बाद पशुओं के रक्त नमूनों की जांच पशु रोग अनुसंधान प्रयोगशाला के माध्यम से कराई जाएगी।
डॉ. जोशी ने बताया कि पिछले चार वर्षों से भारत सरकार के पशुपालन मंत्रालय द्वारा हर छह माह में इस अभियान का संचालन किया जा रहा है। अब तक सात चरणों में बड़े पैमाने पर हुए टीकाकरण के चलते खुरपका-मुंहपका रोग के मामलों में उल्लेखनीय कमी आई है।
उन्होंने कहा कि इस अभियान के प्रभाव से मवेशियों में मुंह और खुरों में छाले पड़ने, तेज बुखार, गर्भपात, दुग्ध उत्पादन में गिरावट और मृत्यु जैसी समस्याओं में भी काफी कमी दर्ज की गई है। इस मौके पर मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वीके यादव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।।

