ऊधम सिंह नगर

रूद्रपुर में गैस एजेंसियों पर सख्ती: बिना डिलीवरी मैसेज भेजने पर होगी एफआईआर

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

रूद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जिला सभागार में गैस एजेंसी प्रबंधकों के साथ बैठक कर सख्त निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गैस डिलीवरी में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि किसी उपभोक्ता के मोबाइल पर बिना गैस सिलेंडर डिलीवर किए फर्जी डिलीवरी मैसेज भेजा गया तो संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि पूर्ति निरीक्षकों के माध्यम से गैस गोदामों के स्टॉक की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए।

बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि गैस बुकिंग के बाद निर्धारित समय पर उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी की जाए और किसी भी उपभोक्ता को सीधे गोदाम या एजेंसी से गैस सिलेंडर न दिया जाए। जिलाधिकारी ने पारदर्शिता के साथ वितरण करने पर जोर देते हुए कहा कि कालाबाजारी में लिप्त पाए जाने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिला पूर्ति अधिकारी विनोद चंद्र तिवारी ने बताया कि जनपद में घरेलू एवं व्यावसायिक गैस की उपलब्धता पर लगातार नजर रखी जा रही है। 31 मार्च तक घरेलू गैस का दैनिक वितरण 11,616 और अवशेष 9,392 है, जबकि व्यावसायिक गैस का वितरण 404 और अवशेष 1,366 है। बैठक में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय सहित कई गैस एजेंसी प्रबंधक मौजूद रहे, जबकि इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के प्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से जुड़े।।

error: Content is protected !!
Call Now Button