सांसद डॉ. नरेश बंसल ने 19.85 लाख से बने ‘केशव सभागार’ का किया लोकार्पण
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद डॉ. नरेश बंसल ने आज देहरादून के नथुवावाला स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में सांसद निधि से ₹19.85 लाख की लागत से निर्मित नए शिक्षण कक्ष ‘केशव सभागार’ का लोकार्पण किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेन्द्र जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
विद्यालय में पूर्व में निर्मित भवन के जर्जर हो जाने एवं छात्रों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नए भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए डॉ. नरेश बंसल द्वारा ₹19.85 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई, जिससे इस नए शिक्षण कक्ष का निर्माण संभव हो सका।
इस अवसर पर डॉ. नरेश बंसल ने कहा कि विद्यालय वास्तव में विद्या का मंदिर होता है और विद्या ही विकास का मूल मंत्र है। उन्होंने कहा कि इस मंदिर से शिक्षित होकर निकले छात्र-छात्राएं देश के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं।
प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेन्द्र जी ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालयों में दिए जाने वाले संस्कार ही छात्रों को जीवन में उच्चतम लक्ष्यों तक पहुंचने की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा स्वागत गीत एवं देशभक्ति नाटक प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने सभी उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन द्वारा सांसद सहित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर विधायक श्री बृज भूषण गैरोला, विद्यालय प्रबंधन समिति, शिक्षकगण एवं समस्त छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।।

