रुद्रपुर में कुमाऊँ रेंज की मासिक अपराध समीक्षा बैठक, लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण पर जोर
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊँ परिक्षेत्र, नैनीताल श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल ने शनिवार को पुलिस लाइन रुद्रपुर में कुमाऊँ रेंज के सभी जनपद प्रभारियों के साथ मासिक गोष्ठी आयोजित की। बैठक में अपराध नियंत्रण, विवेचना की गुणवत्ता, लंबित मामलों के निस्तारण और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत समीक्षा की गई।
गोष्ठी के दौरान आईजी ने वर्ष 2015 से पूर्व के एनडीपीएस एक्ट के मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही वर्ष 2024 और उससे पहले से लंबित वाहनों के निस्तारण में धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए इसमें तेजी लाने को कहा। 2 से 3 वर्ष तथा उससे अधिक समय से लंबित विवेचनाओं को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
लैंड फ्रॉड और अभियोगों की समीक्षा
बैठक में लैंड फ्रॉड से जुड़े मामलों में साक्ष्य संकलन, पारदर्शिता और अंतिम रिपोर्ट की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया गया। न्यायालय के आदेश या बिना संस्तुति दर्ज मामलों में कानूनी प्रक्रिया की शुद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
विशेष अभियानों पर फोकस
ऑपरेशन स्माइल के तहत गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश में तकनीकी संसाधनों के अधिकतम उपयोग पर बल दिया गया। अज्ञात शवों की शिनाख्त के लिए अंतरजनपदीय समन्वय बढ़ाने के निर्देश दिए गए। वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सघन अभियान चलाने और आवश्यकतानुसार कुर्की/घोषणा की कार्रवाई करने को कहा गया।
तकनीकी और विधिक कार्यवाही की समीक्षा
NAFIS और MCU के उपयोग में दक्षता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। साथ ही गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस और अन्य धाराओं के तहत संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई की समीक्षा की गई। वर्ष 2025-26 में बीएनएस की धाराओं के तहत की गई कार्रवाई का भी मूल्यांकन किया गया।
बीट पुलिसिंग को मजबूत बनाने के निर्देश
आईजी ने बीट पुलिसिंग को आधारभूत पुलिसिंग का मुख्य स्तंभ बताते हुए इसे और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। बीट पुलिस कर्मियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण, स्थानीय नागरिकों से संवाद और संवेदनशील व्यक्तियों के सत्यापन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
न्यायालयीय पैरवी और केस ऑफिसर स्कीम महत्वपूर्ण मामलों में प्रभावी पैरवी के लिए केस ऑफिसर और अभियोजन तंत्र के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया गया, ताकि दोषियों को शीघ्र सजा दिलाई जा सके और आमजन का न्याय व्यवस्था पर विश्वास मजबूत हो।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मन्जूनाथ टीसी, एसएसपी ऊधमसिंहनगर अजय गणपति, एसएसपी अल्मोड़ा चन्द्रशेखर घोड़के, एसपी पिथौरागढ़ अक्षय प्रहलाद कोंडे, एसपी चम्पावत रेखा यादव, एसपी बागेश्वर जितेन्द्र कुमार मेहरा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
अंत में आईजी ने सभी अधिकारियों को लंबित मामलों का पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने, जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करने और पुलिस की छवि को मजबूत बनाने के निर्देश दिए।।

