जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने लगाई ‘राजस्व लोक अदालत’, समयबद्ध न्याय पर जोर
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने शनिवार को ‘राजस्व लोक अदालत’ का आयोजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि न्याय व्यवस्था को अधिक सरल, सुलभ एवं प्रभावी बनाते हुए आम जनमानस को समयबद्ध न्याय उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनता के राजस्व वादों के त्वरित समाधान के लिए राज्य सरकार ने ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारीकरण एवं संतुष्टि’ के मूल मंत्र के साथ ‘राजस्व लोक अदालत’ की अभिनव पहल शुरू की है। इस पहल के तहत भूमि विवादों के साथ-साथ आबकारी, खाद्य, स्टाम्प, सरफेसी एक्ट, गुंडा एक्ट, सीआरपीसी, विद्युत अधिनियम, वरिष्ठ नागरिक अधिनियम एवं रेंट कंट्रोल एक्ट से जुड़े मामलों का भी समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पारदर्शिता और निष्पक्षता लोक अदालत की प्रमुख विशेषताएं हैं, जहां सभी पक्षों को सुनकर संवेदनशीलता के साथ न्याय किया जाता है। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि माननीय मुख्यमंत्री ‘विकल्प रहित संकल्प’ के साथ प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को समयबद्ध और न्यायपूर्ण न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उनके दिशा-निर्देशों के क्रम में सभी राजस्व वादों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाएगा।।

