Friday, September 25, 2026
Latest:
ऊधम सिंह नगर

चम्पावत में ‘श्री गोलू देवता कॉरिडोर’ को ₹117.22 करोड़ की मंजूरी, पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

चम्पावत। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद चम्पावत के बहुप्रतीक्षित ‘श्री गोलू देवता कॉरिडोर (जोन-ए)’ के प्रथम चरण के लिए ₹117.22 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इस महत्वपूर्ण निर्णय से क्षेत्र में आस्था, पर्यटन और खेल विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चम्पावत को एक प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में यह एक बड़ा कदम माना जा रहा है। नियोजन विभाग की संस्तुति के बाद मिली इस स्वीकृति के तहत ‘श्री गोल्ज्यू मंदिर’ क्षेत्र को एक सुव्यवस्थित और आकर्षक कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाएगा।करीब ₹254 करोड़ की कुल अनुमानित लागत वाली इस परियोजना में मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण और संरचनात्मक सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बेहतर आवागमन मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, पेयजल और आधुनिक प्रकाश व्यवस्था विकसित की जाएगी परियोजना में सांस्कृतिक थीम आधारित भव्य प्रवेश द्वार और स्थानीय हस्तशिल्प व पारंपरिक उत्पादों के लिए विशेष विक्रय स्थल भी बनाए जाएंगे, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

इसके अलावा परियोजना के अंतर्गत एक अत्याधुनिक बहुउद्देशीय स्टेडियम का भी निर्माण प्रस्तावित है, जिसमें एथलेटिक्स ट्रैक, बहु-खेल मैदान, दर्शक दीर्घा, खिलाड़ियों के लिए चेंजिंग रूम और प्रशिक्षण कक्ष सहित आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे क्षेत्र के युवाओं को उच्च स्तरीय खेल सुविधाएं मिलेंगी और राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन की संभावनाएं बढ़ेंगी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चम्पावत को आस्था और पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इस परियोजना से जहां पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, वहीं स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button