ऊधम सिंह नगर

गदरपुर में पुलिस मुठभेड़: NDPS में वांछित शातिर अपराधी शाकिर उर्फ नक्टा गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

ऊधम सिंह नगर। जनपद पुलिस द्वारा नशा तस्करों और आपराधिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गदरपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान शातिर एवं NDPS एक्ट में वांछित अभियुक्त शाकिर अली उर्फ नक्टा को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ में अभियुक्त के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रपुर भेजा गया।

पुलिस के अनुसार, 27 मार्च 2026 को चेकिंग के दौरान ग्राम कलकत्ती खानपुर तिराहा के पास अभियुक्त ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर फरार होने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा किया, जिसके बाद कुईखेड़ी मार्ग स्थित श्मशान घाट के पास मुठभेड़ हुई और अभियुक्त घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।अभियुक्त के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

इससे पहले 24 जनवरी 2026 को ANTF कुमाऊं यूनिट द्वारा एक नाबालिग को स्कूटी सहित पकड़ा गया था, जिसकी डिग्गी से स्मैक (हेरोइन) बरामद हुई थी। पूछताछ में नाबालिग ने बताया था कि यह नशा उसके पिता शाकिर अली और मां द्वारा सप्लाई के लिए भेजा गया था। इस आधार पर गदरपुर थाने में NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

जांच में यह भी सामने आया कि अभियुक्त अपने नाबालिग बच्चों से भी अवैध नशे का कारोबार करवाता था, जिससे पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ है। शाकिर उर्फ नक्टा के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट और NDPS एक्ट सहित कई गंभीर मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं।

एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “नशामुक्त/अपराधमुक्त देवभूमि” के संकल्प को साकार करने के लिए जनपद पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे तत्वों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।।

error: Content is protected !!
Call Now Button