लोहाघाट: शिक्षा गुणवत्ता सुधार के लिए डाइट बैठक, डीएम ने दिए अहम निर्देश
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
लोहाघाट। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) की सलाहकार समिति की बैठक जिला सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शैक्षिक सत्र 2025-26 के कार्यों की समीक्षा के साथ ही आगामी सत्र 2026-27 के लिए रणनीति तय की गई।
जिलाधिकारी ने दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश देते हुए अटल उत्कृष्ट विद्यालयों से सीबीएसई बोर्ड में जाने वाले छात्रों के परीक्षा परिणाम बेहतर करने पर जोर दिया। उन्होंने विद्यालयों में छात्रों की अनुपस्थिति के कारणों का वैज्ञानिक एवं डेटा आधारित अध्ययन कर ठोस कार्ययोजना बनाने को कहा बैठक में विद्यालयों के उच्चीकरण, आधारभूत सुविधाओं के विकास और संसाधनों को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। डीएम ने सभी स्कूलों में ‘ईट राइट’ अभियान लागू करने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों में संतुलित आहार की आदत विकसित हो सके।
स्मार्ट क्लास और लैब की उपयोगिता का मूल्यांकन करने के साथ यह भी अध्ययन करने को कहा गया कि इनसे शिक्षण गुणवत्ता और शिक्षकों की कार्यक्षमता में कितना सुधार हो रहा है। दूरस्थ क्षेत्रों के छात्रों को आने-जाने में होने वाली दिक्कतों और उसके स्वास्थ्य पर प्रभाव का अध्ययन कर ओपन स्कूलिंग की संभावनाएं तलाशने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पोषण सुधार, कम लागत में बेहतर आधारभूत ढांचा विकसित करने और डेटा रैंकिंग के आधार पर छात्रों को एक्सपोजर विजिट पर भेजने की बात कही।
इसके अलावा ड्रॉपआउट दर कम करने, स्कूल छोड़ चुके बच्चों की पहचान कर पुनः नामांकन सुनिश्चित करने और उनकी पढ़ाई को जारी रखने के लिए रिसर्च आधारित एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, जिला विकास अधिकारी दिनेश डिगारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।।

