फूंगर में निर्माणाधीन जिला जेल का निरीक्षण, डीएम ने दिए कार्यों में तेजी के निर्देश
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
चम्पावत। जनपद के फूंगर क्षेत्र में निर्माणाधीन जिला जेल का जिलाधिकारी मनीष कुमार ने स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। करीब 103 नाली भूमि पर ₹56 करोड़ की लागत से बन रही इस जेल परियोजना को लेकर डीएम ने अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और समयबद्धता की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और तय समय-सीमा में पूरे किए जाएं।
प्रस्तावित जिला जेल में हॉस्पिटल ब्लॉक, दो पुरुष बैरक, एक महिला बैरक, सोलिटरी सेल, माइनर सेल, वर्कशॉप सहित आधुनिक प्रशासनिक और सुरक्षा सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। लगभग 196 बंदियों की क्षमता वाले इस कारागार में 156 पुरुष, 20 महिला बंदियों और 20 सोलिटरी सेल की व्यवस्था होगी।
डीएम ने कास्टिंग कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए रिटेनिंग वॉल का निर्माण प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। वर्तमान में निर्माण स्थल पर 50 से अधिक श्रमिक कार्यरत हैं।
उन्होंने कार्यदायी संस्था ब्रिडकुल, पिथौरागढ़ को निर्देशित किया कि एक स्पष्ट वर्क प्लान बनाकर चरणबद्ध तरीके से कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाए और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। साथ ही गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने की हिदायत दी।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह परियोजना न केवल जनपद की कारागार क्षमता बढ़ाएगी, बल्कि बंदियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा, सुधार और पुनर्वास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। परियोजना पूर्ण होने पर चम्पावत को एक आधुनिक और सुव्यवस्थित जिला जेल की सुविधा मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।।

