रुद्रपुर में 6 मौतों से गमगीन माहौल, पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे सुशील गाबा ने परिजनों को बंधाया ढांढस
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। शहर में एक ही दिन में हुई छह मौतों से माहौल शोकपूर्ण हो गया। रुद्रपुर पोस्टमार्टम हाउस में दुर्घटनाओं और संदिग्ध परिस्थितियों में मृत छह लोगों के शवों का पोस्टमार्टम किया गया। इस दौरान परिजनों के चीत्कार और विलाप से पूरा वातावरण गमगीन हो गया हर सुख-दुख में लोगों के बीच रहने वाले समाजसेवी सुशील गाबा भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और सभी मृतकों के परिजनों को ढांढस बंधाते हुए अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
जानकारी के अनुसार, सचिन राठौर पुत्र रामानंद बीती रात वेंडिंग जोन से अपने घर शिवनगर वार्ड-7 लौट रहे थे। इसी दौरान सब्जी मंडी के पास उनका वाहन अचानक असंतुलित होकर गिर गया, जिससे उनकी गर्दन गंभीर रूप से कट गई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। परिजनों ने घटना पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
वहीं, आकाश तिवारी पुत्र सत्येंद्र कुमार का शव सिडकुल ढाल पर मिला। शरीर पर चोट के निशान होने के चलते परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले के खुलासे की मांग की है।
अन्य घटनाओं में ग्राम छतरपुर निवासी परमानंद, तहसील मिलक निवासी फैजान (पुत्र इसरार) की होटल में काम के दौरान छत से गिरने से मौत हो गई। इसके अलावा मोहन सिंह पुत्र शसर सिंह निवासी जगतपुरा तथा एक अज्ञात व्यक्ति की भी अलग-अलग हादसों में जान चली गई।
इस मौके पर सुशील गाबा ने कहा कि एक साथ इतनी बड़ी संख्या में युवाओं की हादसों और संदिग्ध परिस्थितियों में मौत बेहद चिंताजनक है। एक युवक की मौत पूरे परिवार को मानसिक और आर्थिक रूप से तोड़ देती है। उन्होंने युवाओं से सतर्क रहने की अपील करते हुए प्रशासन से भी दुर्घटनाओं और अपराधों पर सख्त कार्रवाई कर कानून व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।।

