चम्पावत: विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 की तैयारियों की डीएम ने की समीक्षा, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
चम्पावत। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड के निर्देशों के क्रम में जनपद चम्पावत में विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (SIR) को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है।
जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में तैयारियों का विस्तृत आकलन किया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित मतदाता सूची ही निष्पक्ष चुनाव की आधारशिला है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों, ERO और AERO को निर्देश दिए कि औपचारिक घोषणा से पहले ही मतदाता सूची का गहन परीक्षण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही बीएलओ के माध्यम से बूथ स्तर पर भौतिक सत्यापन और घर-घर सर्वे कर मतदाताओं का विवरण अपडेट करने को कहा गया।
डीएम ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करना है। इसके साथ ही मृतक, स्थानांतरित और दोहरी प्रविष्टियों को हटाकर सूची को पारदर्शी और विश्वसनीय बनाया जाएगा।
बैठक में Voter Helpline App और ऑनलाइन पंजीकरण को बढ़ावा देने के निर्देश भी दिए गए। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में SVEEP गतिविधियों के जरिए जागरूकता बढ़ाने तथा राजनीतिक दलों के साथ समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने समयसारिणी का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्य में शिथिलता बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भरोसा जताया कि समन्वित प्रयासों से चम्पावत में यह अभियान एक आदर्श मॉडल बनेगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, उपजिलाधिकारी नीतू डांगर सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।।

