जन-जन की सरकार: 4 साल बेमिसाल — युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता के गुर सिखाए गए
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
लोहाघाट/चंपावत। प्रदेश सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘जन-जन की सरकार-04 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम के तहत सोबन सिंह जीना परिसर में स्वरोजगार, उद्यमिता एवं कौशल विकास विषय पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि दर्जा राज्य मंत्री (वन एवं पर्यावरण) श्री श्याम नारायण पाण्डेय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यशाला में युवाओं को स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों, नवाचार, स्टार्टअप और रोजगारपरक योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
जिला उद्योग केंद्र के प्रबंधक पंकज तिवारी ने केंद्र एवं राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना 2.0, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, रैम्प योजना, एमएसएमई नीति-2023, एक जनपद दो उत्पाद (ODOP), हस्तशिल्प विकास प्रशिक्षण, निर्यात प्रोत्साहन योजना एवं स्टार्टअप नीति-2023 के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सफल स्थानीय उद्यमियों के उदाहरण प्रस्तुत करते हुए युवाओं को नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार सृजक बनने के लिए प्रेरित किया।
जिला सेवायोजन अधिकारी आर.के. पंत ने विभागीय योजनाओं, रोजगार पंजीकरण और ऑनलाइन पोर्टल की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने 2 अप्रैल 2026 को लोहाघाट में आयोजित होने वाले विशाल रोजगार मेले की जानकारी देते हुए युवाओं से अधिकाधिक सहभागिता का आह्वान किया आरसेटी निदेशक प्रियांशु मैठाणी ने संस्थान द्वारा संचालित निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए युवाओं को कौशल आधारित आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रबंधक पंकज बिष्ट ने भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं, डिजिटल मार्केटिंग और उत्पादों की आकर्षक पैकेजिंग के महत्व पर तकनीकी जानकारी साझा की।
मुख्य अतिथि श्री श्याम नारायण पाण्डेय ने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार की चार वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए युवाओं से विकास प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन राजीव पाठक (खादी एवं ग्रामोद्योग) एवं प्राचार्य रवि शंकर जोशी द्वारा किया गया। इस अवसर पर परिसर के प्राध्यापकगण, उद्योग विभाग के विकास नेगी, प्रिया रावत, चंद्रशेखर सहित सेवायोजन एवं आरसेटी के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।।

