मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल के नेतृत्व में मिली सफलता, विश्व टीबी दिवस पर मिला सम्मान
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रूद्रपुर। टीबी उन्मूलन अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उधम सिंह नगर जनपद ने राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान हासिल कर एक बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। इस उपलब्धि के लिए जनपद को विश्व टीबी दिवस के अवसर पर देहरादून स्थित लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) द्वारा सम्मानित किया गया।
स्वास्थ्य मिशन, उत्तराखण्ड की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में 100 दिवसीय सघन टीबी उन्मूलन अभियान का शुभारंभ भी किया गया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल को उनके नेतृत्व में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मान प्रदान किया गया।
यह उपलब्धि जनभागीदारी बढ़ाने, टीबी मरीजों की समय पर पहचान, नियमित निगरानी और पूर्ण उपचार सुनिश्चित करने के साथ-साथ व्यापक जनजागरूकता अभियानों के सफल संचालन का परिणाम है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अग्रवाल के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने समन्वित प्रयास करते हुए टीबी मुक्त भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि जनपद में टीबी रोगियों के लिए विशेष निगरानी तंत्र विकसित किया गया है और उपचार के हर चरण में सतत फॉलोअप सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे रोगमुक्ति दर में लगातार सुधार हो रहा है।
उन्होंने इस सफलता का श्रेय स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, आशा कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम जनता के सहयोग को दिया जनपद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को जल्द हासिल करने का संकल्प दोहराया है, ताकि उधम सिंह नगर को पूर्णतः टीबी मुक्त बनाया जा रहा है।।

