“नशामुक्त/अपराधमुक्त देवभूमि” के संकल्प को जमीन पर उतारती ऊधम सिंह नगर पुलिस, करोड़ों की संपत्ति कुर्क करने की तैयारी
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “नशामुक्त/अपराधमुक्त देवभूमि” के विजन को साकार करने की दिशा में ऊधम सिंह नगर पुलिस ने सख्त कदम उठाए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के नेतृत्व में जिले में नशा तस्करों के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में करीब ₹6.70 करोड़ की अवैध संपत्ति को कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
दो बड़े तस्करों पर शिकंजा
कुख्यात स्मैक तस्कर रिफाकत की लगभग ₹3.70 करोड़ की संपत्ति
गांजा तस्करी के सरगना संजय गुप्ता की करीब ₹3 करोड़ की संपत्ति
इन दोनों मामलों में NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों को जब्त करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
मामला-1: स्मैक तस्कर रिफाकत पर कार्रवाई
थाना पुलभट्टा क्षेत्र में 1 जनवरी 2025 को पुलिस चेकिंग के दौरान रिफाकत ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया उसके पास से 1060 ग्राम स्मैक, एक तमंचा और कारतूस बरामद हुए।
जांच में सामने आया कि उसने नशे के कारोबार से करीब ₹3.70 करोड़ की संपत्ति अर्जित की है। इस संपत्ति को कुर्क करने के लिए 19 मार्च 2026 को सक्षम प्राधिकरण (SAFEMA/NDPS), नई दिल्ली में मामला दर्ज किया गया है।
रिफाकत का लंबा आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिसमें हत्या, NDPS एक्ट, गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
मामला-2: गांजा तस्कर संजय गुप्ता पर कार्रवाई
11 अप्रैल 2025 को पुलभट्टा पुलिस ने एक वाहन से 434.748 किलोग्राम गांजा बरामद किया था। जांच में संजय गुप्ता को इस गिरोह का सरगना पाया गया, जो अन्य राज्यों से गांजा लाकर उत्तराखंड में सप्लाई करता था।
उसके द्वारा करीब ₹3 करोड़ की संपत्ति अर्जित करने की पुष्टि हुई है, जिसमें प्लॉट, दुकानें, मकान और वाहन शामिल हैं। संपत्ति कुर्क करने के लिए NDPS एक्ट की धारा 68(F) के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस का सख्त संदेश
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों को चिन्हित कर जब्त किया जाएगा और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
जनता से अपील:
पुलिस ने आम नागरिकों से नशा तस्करी या आपराधिक गतिविधियों की सूचना तुरंत देने की अपील की है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।।

