सेनानायक देवेन्द्र पींचा ने साप्ताहिक परेड का किया निरीक्षण, फिटनेस, अनुशासन और प्रशिक्षण पर विशेष जोर
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। 31वीं वाहिनी पीएसी में शुक्रवार को आयोजित साप्ताहिक परेड का निरीक्षण सेनानायक श्री देवेन्द्र पींचा द्वारा किया गया। इस अवसर पर परेड में शामिल अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूर्ण अनुशासन, एकता और उत्साह के साथ सहभागिता करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
परेड के दौरान सेनानायक ने जवानों की शारीरिक दक्षता और कार्यक्षमता को परखने के उद्देश्य से दौड़-चाल, ड्रिल एवं शस्त्राभ्यास कराया। उन्होंने कहा कि किसी भी सुरक्षा बल की मजबूती उसके जवानों की शारीरिक फिटनेस, मानसिक सुदृढ़ता और अनुशासन पर निर्भर करती है। नियमित अभ्यास से न केवल आत्मविश्वास बढ़ता है, बल्कि आपात परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने की क्षमता भी विकसित होती है।
निरीक्षण के क्रम में सेनानायक ने वाहिनी में संचालित हेड कांस्टेबल (ना0पु0) पदोन्नति प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण उनके करियर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण को गंभीरता, समर्पण और अनुशासन के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि वे भविष्य में उच्च दायित्वों का निर्वहन कुशलतापूर्वक कर सकें।
इसके उपरांत सेनानायक द्वारा वाहिनी के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया गया, जिनमें क्वार्टर गार्द, परिवहन शाखा एवं बॉस्केटबॉल ग्राउंड शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने साफ-सफाई, रखरखाव, संसाधनों के बेहतर उपयोग और कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने पर विशेष बल दिया।
सेनानायक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि टीमवर्क, अनुशासन और निरंतर प्रशिक्षण ही बल की पहचान हैं। उन्होंने सभी को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर उपसेनानायक श्री मिथिलेश सिंह, शिविरपाल श्री राकेश माहरा, आरआईआरटीसी श्री भूपेश पाण्डेय, सूबेदार सैन्य सहायक श्री खुर्शीद अली सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।।

