ऊधमसिंहनगर में अवैध खनन पर एसएसपी की बड़ी कार्रवाई, चौकी शक्तिफार्म के सभी पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
ऊधमसिंहनगर में अवैध खनन पर एसएसपी की बड़ी कार्रवाई, चौकी शक्तिफार्म के सभी पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
सौरभ गंगवार टुडे हिंदुस्तान
ऊधम सिंह नगर: जिले में अवैध खनन के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए एसएसपी अजय गणपति ने बड़ी कार्रवाई की है। दैनिक समाचार पत्रों में प्रकाशित चौकी शक्तिफार्म क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन की खबरों का संज्ञान लेते हुए एसएसपी ने चौकी प्रभारी सहित वहां तैनात सभी पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, शक्तिफार्म क्षेत्र में लंबे समय से अवैध मिट्टी खनन की शिकायतें सामने आ रही थीं। मामले में प्रभावी कार्रवाई न होने और पुलिस की लापरवाही सामने आने पर एसएसपी ने कड़ा रुख अपनाते हुए यह कार्रवाई की।
कार्रवाई के तहत चौकी प्रभारी शक्तिफार्म उप निरीक्षक प्रकाश चन्द्र भट्ट सहित कुल 08 पुलिस कर्मचारियों को लाइन हाजिर किया गया है।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी थाना-चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाएं और कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।।

