हनीट्रैप कर लूट-डकैती करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, 2 महिलाएं समेत 6 गिरफ्तार
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
नानकमत्ता। ऊधम सिंह नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली नानकमत्ता पुलिस ने महिलाओं के जरिए लोगों को हनीट्रैप कर लूट, डकैती और ब्लैकमेल करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो महिलाओं सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई हुंडई आई-10 कार, नगदी, सोने की अंगूठी, एटीएम कार्ड, दस्तावेज समेत अन्य सामान बरामद किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार 14 मार्च 2026 की रात आरोपियों ने महिलाओं के माध्यम से फोन कर एक व्यक्ति को अपने जाल में फंसाया और मिलने के बहाने नानकमत्ता क्षेत्र के मच्छी झाला इलाके में बुलाया।
जैसे ही पीड़ित अपनी कार से वहां पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उसे घेर लिया और भड़ाभुड़िया स्थित एक घर में ले जाकर बंधक बना लिया। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, कपड़े उतरवाकर अश्लील वीडियो बनाया और उसे वायरल करने की धमकी देकर 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने की कोशिश की। इस दौरान आरोपियों ने पीड़ित से नगदी, सोने की अंगूठी, दस्तावेज और उसकी कार भी लूट ली।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए 15 मार्च को मुखबिर की सूचना पर डैम बन्दे क्षेत्र में घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस ने एक हुंडई आई-10 कार को रोककर चेक किया, जिसमें तारा सिंह, राजेन्द्र सिंह उर्फ राजू, गुरमीत कौर और सीमा कौर सवार मिले। पीड़ित की पहचान के आधार पर चारों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में पूछताछ के आधार पर रमन सिंह और गुरविन्दर सिंह उर्फ डिम्पल को भी वाटर स्पोर्ट्स नानकमत्ता के पास से मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरोह का सरगना तारा सिंह कोतवाली नानकमत्ता का हिस्ट्रीशीटर है और उस पर लूट, डकैती, चोरी, अवैध शस्त्र और अन्य संगीन धाराओं में दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों पर भी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ कोतवाली नानकमत्ता में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि गिरोह लूटी गई कार को नेपाल में बेचने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।।

