अवैध शस्त्र व सोशल मीडिया पर हथियार लहराने वालों पर पुलिस का शिकंजा, 15 दिन का विशेष अभियान शुरू
अवैध शस्त्र व सोशल मीडिया पर हथियार लहराने वालों पर पुलिस का शिकंजा, 15 दिन का विशेष अभियान शुरू
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
ऊधमसिंहनगर। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने और फायरिंग की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने सख्त रुख अपनाया है। उनके निर्देश पर अवैध शस्त्र रखने तथा सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ 15 दिन का विशेष अभियान शुरू किया गया है।
एसएसपी ने सभी थाना और कोतवाली प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सतर्क निगरानी रखते हुए ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए, जो हथियार लहराने या फायरिंग के वीडियो और फोटो वायरल कर रहे हैं।
अभियान के पहले दिन ही पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन मामलों में अभियोग पंजीकृत कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पांच अवैध तमंचे और 13 कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार जसपुर कोतवाली क्षेत्र में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक कारतूस बरामद किया गया वहीं रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 315 बोर के तीन अवैध तमंचे, छह कारतूस 315 बोर और पांच कारतूस 12 बोर बरामद किए। इसके अलावा सितारगंज कोतवाली क्षेत्र में भी एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक कारतूस बरामद किया गया।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अवैध शस्त्र रखने वालों तथा सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ यह अभियान लगातार सख्ती के साथ जारी रहेगा।।

