ऊधम सिंह नगर

केवल कागजों पर नहीं, धरातल पर दिखनी चाहिए गुणवत्ता : डीएम

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान

चम्पावत।जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने समग्र शिक्षा के तहत शिक्षा की गुणवत्ता, पारदर्शिता, निर्माण कार्यों, प्रधानमंत्री पोषण योजना तथा मुख्यमंत्री घोषणाओं की गहन समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने विकासखंडवार विद्यालयों में चल रहे निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति और ई-ऑफिस की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि सभी अपूर्ण और अप्रारंभ कार्यों को तय समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विद्यालय परिसरों में कोई भी निर्माण अनियंत्रित ढंग से न हो और सभी भवन योजनाबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से बनाए जाएं। प्रत्येक निर्माण कार्य स्थल पर विवरण का बोर्ड लगाए जाने तथा कार्यों का थर्ड पार्टी ऑडिट कराने के निर्देश भी दिए गए।छात्रों की सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं पर सख्त रुख अपनाते हुए डीएम ने कहा कि जनपद का कोई भी विद्यालय भवन असुरक्षित स्थिति में नहीं होना चाहिए। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि क्षतिग्रस्त भवनों का लोक निर्माण विभाग के माध्यम से स्थलीय निरीक्षण कर मरम्मत या ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जल्द की जाए। साथ ही निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने और इसे केवल कार्यदायी संस्था के भरोसे न छोड़ने को कहा।

बैठक में विद्यालयों में शिक्षकों और कर्मचारियों के रिक्त पदों को भरने के लिए शासन स्तर पर पत्राचार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जल संस्थान को जनपद के प्रत्येक विद्यालय में पेयजल संयोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

प्रवासी मजदूरों के बच्चों के लिए खनन क्षेत्रों में प्रारंभिक शिक्षा की व्यवस्था तथा असंगठित क्षेत्र के बच्चों को टेंट या टीन शेड के माध्यम से शिक्षित करने की योजना पर भी चर्चा की गई।नशामुक्त बचपन की दिशा में जिलाधिकारी ने सभी विद्यालयों के पास पीली लाइन बनाने, ‘एंटी-ड्रग क्लब’ गठित करने और उनकी नियमित बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए। बैठक में पीएम श्री योजना और समग्र शिक्षा की वित्तीय प्रगति की भी समीक्षा की गई।

इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) मान सिंह, सहायक परियोजना निदेशक विमी जोशी सहित जल संस्थान, ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!
Call Now Button