सितारगंज में लूट के बाद पुलिस टीम पर फायरिंग करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, अवैध तमंचा बरामद
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
उधम सिंह नगर। लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद पुलिस टीम पर फायरिंग कर हमला करने वाले तीन आरोपियों को सितारगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों पर पहले से भी मारपीट, डकैती, अवैध हथियार और हत्या के प्रयास जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक 10 मार्च 2026 को डायल 112 पर सूचना मिली कि औदली में दो बदमाशों ने एक युवक की गर्दन पर चाकू रखकर उसकी बाइक लूट ली है। सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक ललित चौधरी पुलिस टीम के साथ औदली पेट्रोल पंप पहुंचे, जहां पीड़ित अरुण सिंह निवासी लामाखेड़ा ने बताया कि ग्राम भरौनी निवासी गुरमीत सिंह और उसके एक साथी ने तलवार की नोक पर उसकी बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल (UK06BC9253) लूट ली और भरौनी की ओर फरार हो गए।
पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में गुरमीत सिंह के घर पहुंची, जहां आंगन में दो मोटरसाइकिलें खड़ी मिलीं और गुरमीत सिंह, उसका भाई मक्खन सिंह, पिता मोहन सिंह तथा एक अन्य व्यक्ति मौजूद थे। पुलिस को देखकर चारों ने गाली-गलौज और धमकी देते हुए पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस दौरान गुरमीत सिंह ने तमंचे से पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में दो राउंड फायर किए, जिसके बाद आरोपी खेतों की ओर भागने लगे। पीछा करने पर पुलिस ने मोहन सिंह को मौके से पकड़ लिया, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने मोहन सिंह की निशानदेही पर लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली इस मामले में पीड़ित की तहरीर पर थाना सितारगंज में लूट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं पुलिस टीम पर हमला और फायरिंग के मामले में भी अलग से मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंह नगर अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर रुद्रपुर और क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में गठित टीमों ने दबिश देकर तीन आरोपियों—इंद्रजीत उर्फ दिलबाग उर्फ बग्गू (19), गुरमीत सिंह (32) और मक्खन सिंह (34) को गिरफ्तार कर लिया मक्खन सिंह के पास से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा भी बरामद हुआ है।
पुलिस ने बताया कि गुरमीत सिंह फिलहाल उपजिला चिकित्सालय सितारगंज में उपचाराधीन है, जबकि अन्य दो आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और इनके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं।।

