गैस की कालाबाजारी पर सख्ती, दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। घरेलू गैस की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और निफलिंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह निर्देश जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जिला सभागार में ईंधन गैस से संबंधित बैठक के दौरान अधिकारियों को दिए।
जिलाधिकारी ने आम जनता से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करें। उन्होंने कहा कि जनपद में घरेलू गैस की उपलब्धता सामान्य है और ऑनलाइन गैस बुकिंग करने पर निर्धारित समय में गैस सिलेंडर घर पर ही उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो उपभोक्ता पहले गैस बुकिंग कराएगा, उसे पहले गैस सिलेंडर की डिलीवरी दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि जनपद में 40 गैस डिलीवरी केंद्र संचालित हैं, जहां से वाहनों के माध्यम से उपभोक्ताओं के घरों तक गैस सिलेंडर पहुंचाए जा रहे हैं। जिलाधिकारी ने लोगों से अनिवार्य रूप से ऑनलाइन गैस बुकिंग करने और “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर घर पर गैस प्राप्त करने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि गैस डिलीवरी केंद्रों और गोदामों पर लाइन लगाने की कोई आवश्यकता नहीं है।
जिलाधिकारी ने कहा कि आम जनता को घरेलू गैस उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी उप जिलाधिकारियों को गैस वितरण पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही गैस गोदामों और वितरण केंद्रों पर प्रशासन और पुलिस की टीमें तैनात करने तथा क्यूआरटी (त्वरित प्रतिक्रिया दल) लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
गैस से संबंधित शिकायतों के निस्तारण के लिए जनपद स्तर पर जिला आपदा कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसके लिए जिला पूर्ति अधिकारी और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। कंट्रोल रूम के टेलीफोन नंबर 05944-250250, 05944-250500 तथा टोल फ्री नंबर 18002333555 जारी किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि रुद्रपुर और काशीपुर शहर में गैस पाइपलाइन कनेक्शन भी दिए जा रहे हैं। इच्छुक उपभोक्ता 7206413402, 7978216713, 9084897398 और 9997362038 नंबरों पर संपर्क कर गैस पाइपलाइन कनेक्शन प्राप्त कर सकते हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने कहा कि सभी गैस गोदामों और वितरण केंद्रों पर प्रशासन के साथ पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर विश्वास न करने की अपील करते हुए कहा कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कहीं गैस की कालाबाजारी की सूचना मिलती है तो तुरंत थाना, चौकी या कंट्रोल रूम को सूचना दें, ताकि संबंधित के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जा सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, डीएफओ हिमांशु बागरी, यूसी तिवारी, प्रकाश आर्या, जिला पूर्ति अधिकारी विनोद तिवारी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि सभी उप जिलाधिकारी और पुलिस क्षेत्राधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक से जुड़े रहे।।

