ऊधम सिंह नगर में घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों से बचने की अपील
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
ऊधम सिंह नगर। भारत सरकार के 9 मार्च 2026 के राजपत्र के संदर्भ में जिला प्रशासन ने जनपदवासियों को सूचित किया है कि जिले में संचालित सभी गैस एजेंसियों पर घरेलू एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और इसकी आपूर्ति पूरी तरह सुचारू रूप से जारी है। प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं।
प्रशासन के अनुसार सिंगल गैस सिलेंडर कनेक्शन धारकों के लिए दूसरी बुकिंग के बीच भारत सरकार द्वारा 25 दिन का अंतर निर्धारित किया गया है, जबकि डबल सिलेंडर कनेक्शन धारकों के लिए रीफिल की बुकिंग 30 दिन के बाद ही की जा सकती है। रीफिल केवल फोन या ऑनलाइन माध्यम से बुकिंग करने के बाद ही उपलब्ध कराया जाएगा। उपभोक्ताओं से कहा गया है कि बुकिंग के बाद डिलीवरी मैन के माध्यम से ही सिलेंडर प्राप्त करें।
साथ ही रुद्रपुर और काशीपुर क्षेत्र के व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से अपील की गई है कि वे यथासंभव गैस पाइपलाइन (पीएनजी) कनेक्शन के लिए आवेदन करें। आवेदन करने पर उन्हें शीघ्र ही पाइपलाइन कनेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा और निर्बाध रूप से पीएनजी गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
प्रशासन ने गैस की कालाबाजारी की शिकायत के लिए आपदा कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 05944-250250 और 05944-250500 जारी किए हैं। इसके अलावा एलपीजी से संबंधित शिकायतों के लिए टोल फ्री नंबर 18002333555 पर संपर्क किया जा सकता है।
गैस पाइपलाइन कनेक्शन से संबंधित जानकारी के लिए कुश गर्ग (7206413402), रोहित (7978216113), सचिन कश्यप (9084897398) और दीपक नेगी (9997362038) से संपर्क किया जा सकता है।
जिला प्रशासन ने सभी गैस उपभोक्ताओं से पुनः अपील की है कि निर्धारित समयावधि पूरी होने के बाद ही फोन या ऑनलाइन माध्यम से बुकिंग करें और गैस एजेंसियों पर अनावश्यक रूप से एकत्रित होने से बचें।।

