कुण्डेश्वरी में सड़क सुरक्षा को नई दिशा: SSP अजय गणपति ने ‘जीवनरक्षक एम्बुलेंस’ को किया फ्लैग ऑफ, ट्रैफिक मित्रों को मिली सुरक्षा किट
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
ऊधम सिंह नगर। पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने कुण्डेश्वरी क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनता को समर्पित ‘जीवनरक्षक एम्बुलेंस’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए तैनात ‘ट्रैफिक मित्रों’ को सुरक्षा किट भी वितरित की गई।
दरअसल, कुण्डेश्वरी चौकी क्षेत्र की काशीपुर शहर से लगभग 18–20 किलोमीटर दूरी होने के कारण कई बार आपातकालीन स्थिति में 108 एम्बुलेंस सेवा के पहुंचने में विलंब हो जाता था। इस समस्या को देखते हुए पुलिस प्रशासन की पहल पर स्थानीय स्तर पर एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है, जिससे सड़क दुर्घटना या अन्य आपात स्थिति में घायलों को ‘गोल्डन ऑवर’ के भीतर अस्पताल पहुंचाकर समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
स्कूली बच्चों और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर भी सख्त समय सीमा (नो-एंट्री) लागू की गई है। इन नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए स्थानीय स्वयंसेवकों को ‘ट्रैफिक मित्र’ के रूप में तैनात किया गया है और उन्हें यातायात नियंत्रण के लिए आवश्यक किट प्रदान की गई है।
पुलिस प्रशासन की सक्रियता और जनसहभागिता का ही परिणाम है कि बीते एक माह में कुण्डेश्वरी क्षेत्र में एक भी सड़क दुर्घटना दर्ज नहीं हुई है, जो इस पहल की सफलता को दर्शाता है।।

