ऊधमसिंहनगर में सड़क दुर्घटनाओं के वैज्ञानिक विश्लेषण पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
ऊधमसिंहनगर में सड़क दुर्घटनाओं के वैज्ञानिक विश्लेषण पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
ऊधमसिंहनगर। सहायक सम्भागीय परिवहन कार्यालय, ऊधमसिंहनगर की ओर से बुधवार को रामपुर रोड स्थित होटल वीनस में सड़क दुर्घटनाओं के वैज्ञानिक विश्लेषण पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं के कारणों का वैज्ञानिक और तथ्यात्मक अध्ययन कर भविष्य में उनकी पुनरावृत्ति को रोकना तथा दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु और घायलों की संख्या को कम करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारम्भ सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) डॉ. गुरूदेव सिंह ने मुख्य अतिथि जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, विशिष्ट अतिथि संयुक्त परिवहन आयुक्त राजीव कुमार मेहरा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति तथा अन्य गणमान्य अतिथियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जेपी रिसर्च इंडिया लिमिटेड के विशेषज्ञ सुमित दुल ने प्रतिभागियों को साइंटिफिक क्रैश इन्वेस्टिगेशन ऑफ एक्सीडेंट विषय पर विस्तृत जानकारी दी। वहीं परिवहन विभाग के सहायक निदेशक (सड़क सुरक्षा) नरेश संगल ने उत्तराखंड में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति और रोड सेफ्टी पर अपना व्याख्यान प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) का उपयोग कर सड़क दुर्घटनाओं का वैज्ञानिक विश्लेषण किया जा सकता है, जिससे दुर्घटनाओं की प्रभावी रोकथाम और नियंत्रण संभव है। उन्होंने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण के दौरान अधिक से अधिक प्रश्न पूछकर विषय को गहराई से समझने के लिए प्रेरित किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने अपने संबोधन में कहा कि सभी थाना प्रभारी दुर्घटनाओं के कारणों की बारीकियों को समझें और अपने दैनिक कार्यों में उनका उपयोग करते हुए दुर्घटनाओं की रोकथाम में सक्रिय भूमिका निभाएं। वहीं संयुक्त परिवहन आयुक्त राजीव कुमार मेहरा ने कहा कि दुर्घटना की दृष्टि से संवेदनशील ऊधमसिंहनगर जनपद में इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को न्यूनतम करना है।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को दुर्घटना विश्लेषण की आधुनिक तकनीकों, डिजिटल उपकरणों के उपयोग और त्वरित रिपोर्टिंग प्रणाली के बारे में भी प्रशिक्षित किया गया, ताकि दुर्घटनाओं के मूल कारणों की पहचान कर प्रभावी सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें।
कार्यक्रम में सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी हल्द्वानी, ऊधमसिंहनगर, काशीपुर और टनकपुर के अलावा लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, विद्युत विभाग, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, वन विभाग, पूर्ति विभाग, शिक्षा विभाग, जिला आपदा प्रबंधन, नगर निगम, उत्तराखंड परिवहन निगम, चालक प्रशिक्षण संस्थानों और वाहन डीलरों सहित विभिन्न विभागों के 200 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।
अंत में सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) हल्द्वानी अरविन्द पाण्डेय ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया। कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों को जिलाधिकारी, संयुक्त परिवहन आयुक्त और सम्भागीय परिवहन अधिकारी की ओर से प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।।

