ऊधमसिंहनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गैंगस्टर एक्ट में 4 गिरोहबंद आरोपी गिरफ्तार
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
ऊधम सिंह नगर। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना आईटीआई पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह के चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक काशीपुर तथा क्षेत्राधिकारी काशीपुर/बाजपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली आईटीआई के नेतृत्व में थाना आईटीआई पुलिस टीम ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार थाना आईटीआई में दर्ज एफआईआर संख्या 71/2026, धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए ऐसे गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया जो लंबे समय से लोक व्यवस्था को प्रभावित करने वाली आपराधिक गतिविधियों में शामिल थे।
जांच में सामने आया कि यह गिरोह आम लोगों के साथ मारपीट, धमकी देने और जमीनों की फर्जी बिक्री दिखाकर आर्थिक लाभ कमाने जैसे अपराधों को अंजाम दे रहा था। इनकी आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए गिरोहबंद अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की गई।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आशीष चौहान उर्फ पटवारी (37) निवासी वैशाली कॉलोनी, अमरजीत सिंह (32) निवासी वैशाली कॉलोनी खड़कपुर देवीपुरा, गुरुप्रेम सिंह (32) निवासी पटेलनगर काशीपुर तथा कुलविंदर सिंह उर्फ जस्सी (36) निवासी वार्ड नंबर 17 मनसा देवी कानूनगोयान काशीपुर के रूप में की है।
पुलिस द्वारा सभी आरोपियों को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
ऊधमसिंहनगर पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराधियों और संगठित गिरोहों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।।

