ट्रांजिट कैंप में नौवें सामूहिक विवाह का आयोजन, 21 जोड़े बंधेंगे परिणय सूत्र में
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। सर्व समाज कल्याण समिति और लघु व्यापार मंडल ट्रांजिट कैंप के तत्वावधान में नौवां सामूहिक विवाह समारोह रविवार को ट्रांजिट कैंप के फुटबॉल मैदान में आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम संयोजक भारत भूषण चुघ ने पत्रकार वार्ता में बताया कि पिछले नौ वर्षों से सामूहिक विवाह का आयोजन किया जा रहा है और इस वर्ष भी सर्व समाज के सहयोग से यह आयोजन किया जाएगा। इस बार 21 नवविवाहित जोड़ों का विवाह संपन्न कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बारात गल्ला मंडी से प्रारंभ होकर मुख्य बाजार और झील होते हुए ट्रांजिट कैंप के फुटबॉल मैदान पहुंचेगी, जहां बारात का भव्य स्वागत किया जाएगा। विवाह हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार गायत्री परिवार के सहयोग से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया जाएगा।
समारोह में दूधिया मंदिर के शिवानंद जी महाराज, मंदिर मनकामेश्वर के स्वामी नारायण चैतन्य, सोमानंद जी महाराज, अशोक जी महाराज सहित कई साधु-संत वर-वधु को आशीर्वाद देंगे। इसके अलावा विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक संगठनों से जुड़े गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
कार्यक्रम संयोजक चुघ ने बताया कि संस्था और जन सहयोग से वर-वधु को डबल बेड, ड्रेसिंग टेबल, अलमारी, सिलाई मशीन, पंखा और बर्तन आदि उपयोगी सामान दान स्वरूप देकर विदा किया जाएगा।
लघु व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजीव गुप्ता ने बताया कि पूरी जांच-पड़ताल के बाद 21 जोड़ों का चयन किया गया है, जो सभी मानकों पर खरे उतरते हैं। विवाह समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और कार्यक्रम के दौरान भोजन की भी व्यवस्था रहेगी।
पत्रकार वार्ता के दौरान मनोज गुप्ता, विकास बंसल, कमलदीप सोनकर, मधु डे, अशोक शाह, गौरव, दीप गुप्ता, पूरन पांडेय, संजीव लाला, गौरव दीक्षित सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
गायत्री परिवार के अनुज अग्रवाल ने बताया कि वर्षभर गायत्री परिवार की ओर से विवाह और धार्मिक आयोजन कराए जाते हैं। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह समारोह में गायत्री परिवार अपना पूरा सहयोग देगा।।

