उत्तराखंड पुलिस : पंतनगर पुलिस की कार्रवाई, मारपीट के आरोपी को भेजा न्यायिक हिरासत में
उत्तराखंड पुलिस : पंतनगर पुलिस की कार्रवाई, मारपीट के आरोपी को भेजा न्यायिक हिरासत में
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
पंतनगर। कोतवाली पंतनगर पुलिस ने मारपीट एवं धार्मिक भावना से जुड़ी संवेदनशील घटना में नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 24 फरवरी 2026 को वादी शाहिद पुत्र मो. जान, निवासी रेशमवाड़ी वार्ड नंबर-13, दुधिया नगर पूर्वी खेड़ा, थाना रुद्रपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया गया। आरोप है कि अटरिया माता मंदिर के समीप खाली स्थान पर नमाज पढ़ने को लेकर मारपीट की गई तथा घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया।
इस संबंध में अभियुक्त अरविन्द शर्मा पुत्र स्व. श्री भोलानाथ शर्मा, निवासी वार्ड नंबर-21 रम्पुरा, थाना कोतवाली रुद्रपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर (अध्यक्ष अटरिया माता मंदिर) के विरुद्ध कोतवाली पंतनगर में मु.अ.सं.-29/2026 के तहत धारा 115(2), 351(3), 352, 196(बी), 299 एवं 353(C) बीएनएस में मुकदमा पंजीकृत किया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस द्वारा अभियुक्त को कई बार नोटिस जारी कर जांच में सहयोग हेतु बुलाया गया, लेकिन संतोषजनक सहयोग न मिलने पर 03 मार्च 2026 को उसे गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय के आदेशानुसार अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच निष्पक्ष एवं तथ्यों के आधार पर की जा रही है तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

