ऊधम सिंह नगर

रुद्रपुर में सामाजिक न्याय दिवस के रूप में मनाई गई मुंशी हरिप्रसाद टम्टा की पुण्यतिथि

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान 

रुद्रपुर। प्रसिद्ध विचारक, समाज सुधारक और ‘पर्वतीय अंबेडकर’ के नाम से विख्यात स्वर्गीय मुंशी हरिप्रसाद टम्टा की पुण्यतिथि सामाजिक न्याय दिवस के रूप में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। आदर्श कॉलोनी स्थित बुद्ध विहार पार्क में विचार गोष्ठी एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जहां उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम की शुरुआत कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ममता रानी के नेतृत्व में हुई। इस अवसर पर उन्होंने स्वर्गीय टम्टा के जीवन और उनके सामाजिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे उत्तराखंड में शिल्पकार आंदोलन के प्रमुख राजनीतिक एवं शैक्षिक नेता थे। वर्ष 1905 में उन्होंने ‘टम्टा सुधार सभा’ की स्थापना कर शिल्पकार समाज में शिक्षा और सामाजिक जागरूकता की अलख जगाई।

ममता रानी ने बताया कि 1914 में उन्होंने कुमायूं के शिल्पकारों को संगठित कर निःशुल्क और अनिवार्य शिक्षा, राजनीतिक प्रतिनिधित्व और सामाजिक सम्मान की मांग उठाई। वर्ष 1926 में ‘डोम’ जैसे अपमानजनक शब्द के स्थान पर ‘शिल्पकार’ नाम को सरकारी मान्यता दिलाना उनकी आत्मसम्मान की ऐतिहासिक जीत थी। 1925 में आयोजित शिल्पकार सम्मेलन में भूमि अधिकार, आरक्षण, शिक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण जैसे मुद्दों को प्रमुखता से रखा गया।

उन्होंने बताया कि 1934 में स्वर्गीय टम्टा ने ‘समता’ साप्ताहिक पत्र का प्रकाशन प्रारंभ किया। पूना पैक्ट के समय उन्होंने भीमराव अंबेडकर का समर्थन करते हुए दलित राजनीति में प्रभावी प्रतिनिधित्व की वकालत की। वर्ष 1937 में वे उत्तर प्रदेश विधानसभा के निर्विरोध विधायक चुने गए।

ममता रानी ने आगे कहा कि 1940 में अल्मोड़ा में हाई स्कूल की स्थापना हेतु उन्होंने अपनी भूमि दान की, जहां बाद में शिल्प विद्यालय स्थापित किया गया। 1943 के अकाल और 1944 की महामारी के दौरान भी उन्होंने राहत और बचाव कार्यों का संचालन कर समाज सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।

पूर्व पालिका अध्यक्ष मीना शर्मा ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को स्वर्गीय टम्टा के आदर्शों को आत्मसात कर उनके बताए मार्ग पर चलना चाहिए।

कार्यक्रम में अनिल शर्मा, नरेश सागर, सतीश राजपूत, सुभाष कुमार, बबलू सरकार, शिवम सागर, दिनेश पंत, सचिन आनंद, रविंद्र गुप्ता, बाबू विश्वास, हिमांशु, कुंदन, हर्ष, जयदेव, मोहन कुमार, गीता, हेमलता, भूरी, राकेश कोली, रजनी, पूनम, शोभा, अनिल देबू, राजीव रस्तोगी, अशोक मंडल, अयूब, सुदर्शन, कल्याण सिंह, छत्रपाल और रोहित चौहान समेत तमाम कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।।

error: Content is protected !!
Call Now Button