ऊधम सिंह नगर

भीम आर्मी–आजाद समाज पार्टी (उत्तराखंड) ने पीड़ित पत्रकार को दिया पूर्ण समर्थन

सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान

बाजपुर/रुद्रपुर। भीम आर्मी–आजाद समाज पार्टी (उत्तराखंड) ने पीड़ित पत्रकार विमल भारती उर्फ गोल्डी निर्भीक के समर्थन में मजबूती से खड़े होने की घोषणा की है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमरीश कपिल ने बाजपुर के ग्राम केशोवाला स्थित पत्रकार के आवास पर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और घटना की विस्तृत जानकारी ली।

इस दौरान पार्टी प्रमुख एवं नगीना से सांसद Chandrashekhar Azad ने दूरभाष पर गोल्डी निर्भीक से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि संगठन पीड़ित पत्रकार के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है और शीघ्र ही व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करेंगे।

गंभीर आरोपों पर कड़ी प्रतिक्रिया

प्रदेश अध्यक्ष अमरीश कपिल ने आरोप लगाया कि पत्रकार के साथ पुलिस द्वारा अमानवीय व्यवहार किया गया, जो लोकतंत्र और संविधान पर सीधा प्रहार है। उनका कहना है कि गोल्डी निर्भीक के साथ मारपीट, निर्वस्त्र कर वीडियो बनाए जाने, जातिसूचक अपमान, जबरन मोबाइल का पासवर्ड खुलवाकर प्रोफेशनल आईडी डिलीट किए जाने जैसे गंभीर कृत्य किए गए। उन्होंने इसे मानवाधिकारों और पत्रकारिता की स्वतंत्रता का उल्लंघन बताया।

आंदोलन की चेतावनी

रुद्रपुर स्थित सिटी क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यदि दोषी पुलिसकर्मियों को शीघ्र निलंबित कर उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच शुरू नहीं की गई, तो पार्टी प्रदेशव्यापी आंदोलन के लिए बाध्य होगी। उन्होंने दोहराया कि संगठन “तन, मन और धन” से गोल्डी निर्भीक के साथ है और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।

प्रमुख मांगें

दोषी पुलिसकर्मियों का तत्काल निलंबन

उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच

कथित फर्जी मुकदमों की समीक्षा व निरस्तीकरण

पीड़ित पत्रकार को सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित किया जाए

पार्टी ने स्पष्ट किया कि यह केवल एक व्यक्ति का मामला नहीं, बल्कि संविधान, लोकतंत्र, पत्रकारिता की स्वतंत्रता और सामाजिक सम्मान की लड़ाई है।।

error: Content is protected !!
Call Now Button