रुद्रपुर में प्रोटोकॉल विवाद पर सियासी हलचल, जनप्रतिनिधियों ने संयम की दी सलाह
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। नगर निगम की एक बैठक से जुड़ा वीडियो सामने आने के बाद शहर की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। वीडियो में मेयर विकास शर्मा प्रोटोकॉल को लेकर अपनी बात रखते नजर आ रहे हैं। उनके बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई, हालांकि सभी जनप्रतिनिधियों ने संयम और संवाद की जरूरत पर जोर दिया है।
मेयर विकास शर्मा ने स्पष्ट किया कि नगर निगम की कार्यवाही के दौरान प्रोटोकॉल का पूरा पालन किया गया है। उन्होंने कहा कि नगर निगम के कार्यों और निर्णयों को नियमों के अनुसार ही आगे बढ़ाया जा रहा है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि विकास कार्य सामूहिक प्रयास से ही संभव हैं और शहर के हित सर्वोपरि हैं।
विधायकों की प्रतिक्रिया
इस मामले पर विधायक तिलकराज बेहड़ ने कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों का अपना-अपना संवैधानिक दायित्व और प्रोटोकॉल होता है। उन्होंने आपसी सम्मान और गरिमा बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया उनका कहना है कि लोकतंत्र में सभी पदों की अपनी महत्ता है और संवाद के माध्यम से किसी भी भ्रम को दूर किया जा सकता है।
वहीं विधायक शिव अरोरा ने कहा कि वह अनावश्यक विवादों में नहीं पड़ना चाहते उनकी प्राथमिकता रुद्रपुर की जनता की सेवा और विकास कार्यों को गति देना है। उन्होंने कहा कि उनका पूरा ध्यान क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान पर केंद्रित है।
सांसद की अपील
सांसद अजय भट्ट ने भी पूरे प्रकरण पर प्रतिक्रिया देते हुए सभी जनप्रतिनिधियों से संयमित भाषा के प्रयोग की अपील की उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में शब्दों का चयन सोच-समझकर किया जाना चाहिए ताकि किसी को ठेस न पहुंचे उन्होंने सभी को परिवार की तरह मिलकर काम करने और शहर के विकास को प्राथमिकता देने की सलाह दी।
विकास पर रहेगा फोकस
राजनीतिक बयानबाज़ी के बीच सभी पक्षों ने अंततः यह स्पष्ट किया है कि रुद्रपुर के विकास कार्यों को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा शहर के जनप्रतिनिधियों ने संकेत दिया है कि आपसी संवाद के माध्यम से किसी भी मतभेद को सुलझाया जाएगा और जनता के हित में मिलकर काम किया जाएगा।
फिलहाल, यह मुद्दा राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है, लेकिन सभी नेताओं ने विकास और जनहित को सर्वोपरि बताया है।।

