गूलरभोज में अतिक्रमण नोटिस के बाद व्यक्ति ने प्रशासन से खुद कब्जा लेने का किया अनुरोध
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
गूलरभोज के सन्तोषनगर वार्ड नं. 3 में अतिक्रमण के एक मामले ने स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना दिया है। यहां एक व्यक्ति ने अपने कैम्प कार्यालय एवं आवास को अतिक्रमण में दर्शाए जाने के बाद प्रशासन से स्वयं सरकारी भूमि को अपने कब्जे में लेने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार दिनांक 19/01/2026 को संबंधित व्यक्ति के कैम्प कार्यालय एवं आवास पर नोटिस सं० 2654 र0का0 / अति०का० / चस्पा किया गया, जिसमें उक्त भवन को सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के रूप में चिन्हित किया गया है। नोटिस मिलते ही संबंधित व्यक्ति ने प्रशासन को एक प्रार्थना-पत्र सौंपकर स्पष्ट रुख अपनाया है।
अपने पत्र में उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया है कि उनके कार्यालय एवं आवास का उनकी उपस्थिति में विधिवत सीमांकन (चिन्हीकरण) कराया जाए। यदि जांच में यह प्रमाणित होता है कि निर्माण वास्तव में सरकारी भूमि पर है, तो प्रशासन अपने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मौजूदगी में उक्त भवन को तत्काल सरकारी कब्जे में ले ले।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि इस कार्यवाही को लेकर उन्हें अथवा उनके वारिसों को कोई आपत्ति नहीं है। इस मामले ने क्षेत्र में पारदर्शिता और प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर नई बहस छेड़ दी है। अब स्थानीय लोगों की निगाहें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।।

