शिव अरोरा की तत्परता से नाबालिग की सकुशल वापसी आरोपी गिरफ्तार ट्रांजिट कैंप थाने में पुलिस टीम का सम्मान
सौरभ गंगवार/टुडे हिंदुस्तान
रुद्रपुर। विधायक शिव अरोरा की सक्रियता और पुलिस की मुस्तैदी से नाबालिग लड़की की सकुशल बरामदगी करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर आरोपी को बिहार के मुजफ्फरपुर से पकड़ा और पीड़िता को सुरक्षित रुद्रपुर वापस लाया।
परिजनों की शिकायत पर 2 फरवरी को ट्रांजिट कैंप थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक शिव अरोड़ा ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर शीघ्र कार्रवाई की मांग की। इसके बाद ट्रांजिट कैंप थाना और एसओजी की संयुक्त टीम ने विभिन्न स्थानों पर दबिश देते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
सफल कार्रवाई के बाद विधायक शिव अरोड़ा ट्रांजिट कैंप थाने पहुंचे और पुलिस टीम के सराहनीय कार्य के लिए उपनिरीक्षक महेश कांडपाल, उपनिरीक्षक कीर्ति भट्ट, नेहा ध्यानी, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार एवं एसओजी सदस्य भूपेंद्र आर्य को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने पूरी टीम की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार कानून-व्यवस्था के प्रति प्रतिबद्ध है और किसी भी प्रकार के आपराधिक कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नाबालिग की सुरक्षित वापसी प्राथमिकता थी, जिसे पुलिस ने तत्परता से पूरा किया।
इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।।

